CPL 2025: न्यूजीलैंड के 'पॉकेट डायनामाइट' का धमाका, सीपीएल का सबसे तेज शतक ठोका

CPL 2025: कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) 2025 में कीवी विकेटकीपर-बल्लेबाज टिम सेफर्ट ने इतिहास रच दिया। सेंट लूसिया किंग्स के इस ‘पॉकेट डायनामाइट’ ने एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स के खिलाफ महज 40 गेंद में सेंचुरी ठोकी। ये सीपीएल का संयुक्त रूप से सबसे तेज शतक है। सेफर्ट ने आंद्रे रसेल के रिकॉर्ड की बराबरी की। रसेल ने 2018 में 40 गेंद में सेंचुरी जमाई थी।
सेंट लूसिया किंग्स को 205 रन के लक्ष्य का पीछा करना था। पावरप्ले में ही ओपनर जॉनसन चार्ल्स आउट हो गए लेकिन सेफर्ट ने तूफानी अंदाज में रन बनाना जारी रखा। उन्होंने महज 53 गेंदों पर नाबाद 125 रन बनाए और CPL इतिहास में सफल रन चेज़ में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड आंद्रे रसेल (121*) के नाम था।
CPL में सबसे तेज शतक
- 40 गेंद- आंद्रे रसेल (2018)
- 40 गेंद-टिम सेफर्ट (2025)
- 41 गेंद-शाई होप (2023)
- 42 गेंद-आंद्रे रसेल (2016)
सफल रन चेज़ में CPL का सबसे बड़ा स्कोर
- 125* रन-टिम सेफर्ट (2025)
- 121* रन-आंद्रे रसेल (2018)
- 111* रन -क्रिस गेल (2014)
- 108* रन-क्रिस गेल (2016)
फाल्कन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शाकिब अल हसन (61 रन, 26 गेंद) और फैबियन एलन (38, 17 गेंद)* की आतिशी पारी की बदौलत 204 रन बनाए थे। लेकिन सेफर्ट के सामने फालकन्स का स्कोर छोटा साबित हुआ। किंग्स ने 13 गेंद बाकी रहते मुकाबला जीत लिया और पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान को मजबूत किया।
दूसरी ओर, एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स को सीजन की चौथी हार का मुंह देखना पड़ा। इस टीम ने अब तक 8 मैच खेले हैं और लगातार खराब प्रदर्शन से उनका प्लेऑफ में पहुंचना मुश्किल हो गया। सेफर्ट का यह शतक CPL 2025 की अब तक की सबसे बड़ी हाइलाइट बन गया और उन्होंने बता दिया कि मौकों को कैसे भुनाया जाता है।
