Suryakumar Yadav Birthday: क्यों सूर्यकुमार यादव को 'मिस्टर 360' कहते? क्या बर्थडे पर खत्म होगा पाकिस्तान के खिलाफ सूखा

suryakumar yadav birthday: सूर्यकुमार यादव का आज जन्मदिन है।
Suryakumar Yadav Birthday: भारतीय क्रिकेट के सबसे चमकते सितारे और मुंबई इंडियंस के भरोसेमंद बल्लेबाज, सूर्यकुमार यादव आज (14 सितंबर) 35 साल के हो गए। खास बात यह है कि अपने जन्मदिन पर ही वो एशिया कप 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टी20 टीम की कप्तानी करने उतरेंगे। यह मौका उनके करियर की सबसे यादगार तारीखों में शुमार होगा।
सूर्या का सफर बेहद उतार-चढ़ाव रहा है। 30 साल की उम्र तक उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट का स्वाद नहीं चखा था लेकिन आईपीएल में मुंबई इंडियंस की जर्सी ने उनकी किस्मत पलट दी। कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते वक्त वे अस्थिर बल्लेबाज नजर आते थे लेकिन 2018 में मुंबई के लिए खेलते हुए उन्होंने अपनी असली पहचान बनाई।
आईपीएल 2018 सीजन में उन्होंने 14 पारियों में 512 रन जड़कर दिखा दिया कि वह बड़े मंच पर टिकने आए हैं। इसके बाद लगातार तीन साल तक मुंबई इंडियंस की जीत का अहम हिस्सा बने और आखिरकार 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से भारत के लिए डेब्यू किया।
‘मिस्टर 360 डिग्री’ कैसे मिला नाम?
सूर्या का खेल देखने का मतलब है चारों तरफ शॉट्स की बरसात। उन्होंने भारतीय टी20 बल्लेबाजी का चेहरा बदल डाला। जहां ज्यादातर बल्लेबाज सतर्क शुरुआत करते हैं, वहीं सूर्या पहले ही गेंद से आक्रामक खेल दिखाने लगते हैं। इसी कारण उन्हें ‘मिस्टर 360 डिग्री’ कहा जाता है। वो मैदान के हर कोने में शॉट्स लगाने की काबिलियत रखते हैं।
आज उनके नाम पर आईपीएल में 4311 रन दर्ज हैं, वह भी 148.66 की धमाकेदार स्ट्राइक रेट से। वहीं टी20 अंतरराष्ट्रीय में 2500 से ज्यादा रन 167.07 की अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से बना चुके हैं। हालांकि, पाकिस्तान के खिलाफ उनका रिकॉर्ड बहुत अच्छा नहीं है, वो इसमें अपने बर्थडे के दिन सुधार करना चाहेंगे और रविवार को करोड़ों भारतीय फैंस को अपनी तरफ से जन्मदिन का तोहफा देने चाहेंगे।
सूर्या की टॉप-5 पारियां
117 (55 गेंद) बनाम इंग्लैंड, 2022: नॉटिंघम में खेली गई यह पारी सूर्या के करियर का टर्निंग पॉइंट मानी जाती है।
111 (51 गेंद) बनाम न्यूजीलैंड, 2022*: 11 चौके और 7 छक्कों से भरी यह पारी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर गई।
112 (51 गेंद) बनाम श्रीलंका, 2023*: राजकोट में खेली गई यह पारी भारत की सीरीज जीत का आधार बनी।
103 (49 गेंद) बनाम गुजरात टाइटंस, 2023 (IPL)*: डिफेंडिंग चैंपियंस के खिलाफ आईपीएल में उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी।
102 (51 गेंद) बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, 2024 (IPL)*: चौकों-छक्कों की आतिशबाजी से विरोधी टीम को ध्वस्त कर दिया।
सूर्या का क्रिकेट करियर
35 साल की उम्र में भी सूर्यकुमार यादव सिर्फ रन नहीं बना रहे, बल्कि नई पीढ़ी को यह संदेश दे रहे हैं कि जुनून और मेहनत से हर सपना पूरा किया जा सकता है। जन्मदिन पर पाकिस्तान के खिलाफ कप्तान के रूप में उतरना उनके करियर के सुनहरे अध्याय में एक और उपलब्धि जोड़ देगा।
