सूर्यकुमार यादव हॉस्पिटल में भर्ती: म्यूनिख में हुआ ऑपरेशन, अब स्काई के फिटनेस पर टिकी निगाहें

भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक बार फिर स्पोर्ट्स हर्निया सर्जरी करवाई है। यह सर्जरी उन्होंने जर्मनी के म्यूनिख शहर में करवाई, जो उनके पेट के निचले दाहिने हिस्से में समस्या के चलते जरूरी हो गई थी। सूर्यकुमार ने इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया, "स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी सफल रही है और मैं तेजी से रिकवरी कर रहा हूं। जल्द मैदान पर लौटने के लिए उत्साहित हूं।"
यह दूसरी बार है जब उन्हें इस समस्या के लिए सर्जरी करानी पड़ी है। जनवरी 2024 में भी उन्होंने म्यूनिख में ही हर्निया की सर्जरी करवाई थी। इससे पहले दिसंबर 2023 में साउथ अफ्रीका दौरे पर टखने की चोट के लिए ऑपरेशन हुआ था।
आईपीएल 2025 में छाए रहे सूर्यकुमार
हाल ही में खत्म हुए आईपीएल 2025 में सूर्यकुमार ने मुंबई इंडियंस के लिए 717 रन बनाए, और वह टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। उन्हें सीजन का सबसे मूल्यवान खिलाड़ी (MVP) भी चुना गया – खास बात यह रही कि वे नॉन-ओपनर होते हुए यह कारनामा कर पाए।
अब उनकी नजरें बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर फॉर एक्सीलेंस में रिकवरी और रिहैबिलिटेशन पर हैं।
क्या बांग्लादेश के खिलाफ लौट पाएंगे सूर्यकुमार?
भारत को अगस्त के अंत में बांग्लादेश के खिलाफ तीन टी20 और तीन वनडे मुकाबले खेलने हैं। सूर्यकुमार की फिटनेस और रिकवरी पर सबकी निगाहें टिकी हैं कि क्या वे समय पर फिट होकर टीम में वापसी कर पाएंगे।
वनडे फॉर्मेट में उन्होंने 2023 वर्ल्ड कप फाइनल (ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ) के बाद से कोई मैच नहीं खेला है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि वह इस चुनौती को कैसे पार करते हैं।
