Sai Sudharsan Debut: IPL 2025 में जीती थी ऑरेंज कैप, वनडे-टी20 के बाद हुआ साई सुदर्शन का टेस्ट डेब्यू

Sai Sudharsan Debut
X

Sai Sudharsan Debut

Sai Sudharsan Debut: बी साईं सुदर्शन ने इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स टेस्ट में डेब्यू किया है। उन्हें चेतेश्वर पुजारा ने डेब्यू कैप सौंपी। इससे पहले, वो भारत के लिए वनडे और टी20 खेल चुके।

Sai Sudharsan Debut: इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स में शुरू हुए पहले टेस्ट में टीम इंडिया ने बड़ा और चौंकाने वाला फैसला लिया। बाएं हाथ के स्टाइलिश बल्लेबाज़ साई सुदर्शन को टेस्ट डेब्यू का मौका मिला है, जबकि लंबे समय से टेस्ट डेब्यू का इंतजार कर रहे अनुभवी खिलाड़ी अभिमन्यु ईश्वरन को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया है। साईं सुदर्शन को चेतेश्वर पुजारा ने डेब्यू कैप सौंपी। सुदर्शन का इससे पहले वनडे और टी20 डेब्यू हो चुका है। उन्होंने आईपीएल 2025 में ऑरेंज कैप जीती थी। वो भारत की तरफ से टेस्ट डेब्यू करने वाले 317वें खिलाड़ी हैं।

23 साल के साई सुदर्शन हाल ही में शानदार फॉर्म में रहे हैं और यही उनकी जगह बनाने का सबसे बड़ा कारण माना जा रहा। तमिलनाडु से आने वाले साई सुदर्शन घरेलू क्रिकेट, आईपीएल और काउंटी क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन कर चुके। उन्होंने 2023 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था और पहले ही मैच में 55 रन की नाबाद पारी खेली थी। इसके बाद उन्होंने एशियन गेम्स 2023 में टीम इंडिया के लिए टी20 डेब्यू किया।

2023 में ही उन्होंने इंग्लैंड में सरे काउंटी क्लब के लिए डेब्यू करते हुए शतक लगाया और टीम को चैंपियनशिप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं रणजी ट्रॉफी 2022-23 सीजन में भी उन्होंने दो शतक जमाकर खुद को साबित किया था। आईपीएल 2025 में सुदर्शन सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप विजेता बने। उन्होंने 1 शतक और 6 अर्धशतक की मदद से कुल 759 रन बनाए। उनके इसी जबरदस्त फॉर्म को देखते हुए उन्हें टेस्ट टीम में मौका दिया गया।

अब सवाल उठता है कि 27 शतक लगाने वाले फर्स्ट क्लास क्रिकेट के अनुभवी खिलाड़ी अभिमन्यु ईश्वरन को क्यों बाहर किया गया? इसके पीछे दो अहम वजहें मानी जा रही हैं। साई सुदर्शन की हालिया फॉर्म और उनकी तकनीक। सुदर्शन गेंद को देर से खेलने के लिए जाने जाते हैं, जो इंग्लैंड की तेज और स्विंगिंग पिचों पर बल्लेबाज़ी के लिए फायदेमंद होता है।

साई सुदर्शन अब तक फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 7 शतक और 5 अर्धशतक लगा चुके हैं। खास बात यह है कि जब वो अर्धशतक तक पहुंचते हैं, तो अक्सर उसे शतक में बदलते हैं। यह आदत उन्हें टेस्ट क्रिकेट के लिए आदर्श बल्लेबाज बनाती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि लीड्स के मैदान पर साई सुदर्शन अपने डेब्यू को कितनी कामयाबी में बदल पाते हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story