sl vs ban: डेब्यू टेस्ट में शतक ठोकने वाले श्रीलंकाई बैटर का कमाल, डबल सेंचुरी चूकने के बाद भी रचा इतिहास

Pathum Nissanka record
sl vs ban galle test: श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में चल रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका ने अपनी टेस्ट करियर की सबसे बड़ी पारी खेली। 27 साल के निसांका ने बांग्लादेश के खिलाफ 256 गेंद पर 187 रन बनाए। यह निसांका का अब तक का सर्वश्रेष्ठ टेस्ट स्कोर है और पहली बार उन्होंने टेस्ट में 150 से ज्यादा का स्कोर किया। बता दें कि निसांका ने डेब्यू टेस्ट में भी शतक ठोका था।
बांग्लादेश के पहली पारी के 495 रनों के जवाब में निसांका ने श्रीलंका को सधी हुई शुरुआत दी। उन्होंने साथी ओपनर लाहिरू उदारा के साथ मिलकर 47 रनों की साझेदारी की। उदारा के आउट होने के बाद निसांका ने दिनेश चांदीमल के साथ 157 रनों की बड़ी साझेदारी की, जो पारी की सबसे मजबूत नींव साबित हुई।
निसांका ने लंच के बाद 136 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और चाय के बाद उन्होंने रनों की रफ्तार तेज कर दी। लेकिन नए गेंद के सामने वे ज्यादा देर नहीं टिक सके और 256 गेंदों में 187 रन बनाकर हसन महमूद का शिकार बने।
इस पारी के साथ निसांका के टेस्ट करियर में 3 शतक और सात अर्धशतक हो गए हैं। उन्होंने अब तक 17 टेस्ट में 1123 रन बनाए हैं और उनका औसत 42 का है। दिलचस्प बात ये है कि इनमें से 580 रन उन्होंने विदेशों में बनाए हैं।
ये निसांका का घरेलू सरजमीं पर पहला टेस्ट शतक भी है। इससे पहले उनके दोनों टेस्ट शतक विदेशी मैदानों पर आए थे। पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ द ओवल में उन्होंने नाबाद 127 रन बनाए थे, जिससे श्रीलंका को 8 विकेट से जीत मिली थी। दूसरी ओर, निसांका का यह शतक ऐसे समय आया जब श्रीलंका को बांग्लादेश की बड़ी पारी का जवाब देना था और उन्होंने इस दबाव में एक जबरदस्त पारी खेली।
पहले टेस्ट के तीसरे दिन स्टम्प्स तक श्रीलंका ने 4 विकेट पर 368 रन बना लिए हैं। श्रीलंका अभी भी 127 रन पीछे है।
