Vaibhav Sooryavanshi Dance: भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से हराकर रिकॉर्ड छठी बार अंडर-19 विश्व कप जीता। हरारे में खेले गए फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 412 रन का लक्ष्य दिया था लेकिन इंग्लिश टीम 100 रन से मैच हार गई। इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंद में 175 रन की रिकॉर्डतोड़ पारी खेली थी। बल्ले से कमाल करने के बाद वैभव ने टीम के जश्न में भी जमकर धमाल मचाया। इसका वीडियो वायरल हो रहा। 

भारत के विश्व कप जीतने के बाद जो नजारा दिखा, उसने फैंस का दिल जीत लिया। मैच के बाद टीम इंडिया के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी अपने साथियों के साथ मस्ती में झूमते नजर आए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वह हंसते हुए कहते सुनाई दिए कि मुझे पंजाबी गाना नहीं समझ में आ रहा, भोजपुरी लगेगा। इसके बाद पूरी टीम भोजपुरी गाने पर जमकर नाची और जीत का जश्न मनाया।

वैभव का भोजपुरी गाने पर डांस वायरल
यह जश्न उस ऐतिहासिक फाइनल के बाद आया, जिसमें सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में 175 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी पारी में 15 छक्के और 15 चौके शामिल थे। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 411 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में इंग्लैंड की टीम 311 रन पर सिमट गई। कैलिब फाल्कनर ने 67 गेंदों में 115 रन बनाकर हार का अंतर जरूर कम किया लेकिन भारत की जीत को नहीं रोक सके।

वैभव प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए
14 साल के सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द फाइनल और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। मैच के बाद उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी क्षमता पर भरोसा था और टीम ने दबाव लेने के बजाय पूरे टूर्नामेंट में अपनाई गई प्रक्रिया पर भरोसा किया। उन्होंने बताया कि पिछले 8-9 महीनों की कड़ी मेहनत का ही यह नतीजा है।

कप्तान आयुष म्हात्रे ने कहा कि टीम ने हाल के भारतीय वर्ल्ड कप विजेताओं की विरासत को आगे बढ़ाने का लक्ष्य रखा था। उन्होंने सपोर्ट स्टाफ की मेहनत की भी जमकर तारीफ की और फैंस से लगातार समर्थन देने की अपील की।

मैदान पर शानदार प्रदर्शन और मैदान के बाहर बेफिक्र जश्न, दोनों ने ही इस युवा टीम की पहचान बना दी। सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी और जीत के बाद का उनका भोजपुरिया डांस, दोनों ही लंबे समय तक फैंस को याद रहेंगे।