टी20 विश्व कप 2026 में भारत का अगला मुकाबला 12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ खेला जाएगा। लेकिन इस अहम मैच से पहले भारतीय टीम को दोहरी चिंता ने घेर लिया है।
अभिषेक शर्मा की तबीयत में सुधार, लेकिन खेलना तय नहीं
ओपनर अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) पेट के संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती थे। अच्छी खबर यह है कि उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। टीम के साथी तिलक वर्मा (Tilak Varma) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अभिषेक अब बेहतर हैं, लेकिन नामीबिया के खिलाफ उनकी प्लेइंग इलेवन में जगह को लेकर अंतिम फैसला मैच से ठीक पहले लिया जाएगा।
गौरतलब है कि अमेरिका के खिलाफ पिछले मुकाबले में अभिषेक पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे और तबीयत खराब होने के कारण फील्डिंग के लिए भी मैदान पर नहीं उतरे थे।
ईशान किशन प्रैक्टिस में चोटिल
इस बीच, स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन (Ishan Kishan) को प्रैक्टिस सेशन के दौरान चोट लग गई। तेज गेंदबाज Jasprit Bumrah की यॉर्कर उनके पैर पर जा लगी, जिसके बाद वे दर्द में दिखे। फिजियो ने तुरंत इलाज किया।
हालांकि ईशान ने थोड़ी देर बाद फिर बल्लेबाजी शुरू की, लेकिन कुछ ही मिनटों में सेशन छोड़कर मैदान से बाहर चले गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चोट गंभीर नहीं है और वे अगले मैच तक फिट हो सकते हैं, मगर अभी तक बीसीसीआई की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
पॉइंट्स टेबल में क्या है समीकरण?
ग्रुप A में भारत दो मैचों में दो जीत के साथ दूसरे स्थान पर है। पाकिस्तान चार अंकों के साथ शीर्ष पर है। अगर भारत नामीबिया को हराता है और नेट रन रेट बेहतर रहता है, तो टीम नंबर-1 पोजिशन पर पहुंच सकती है।
फैंस को राहत
फिलहाल दोनों खिलाड़ियों की स्थिति ज्यादा गंभीर नहीं मानी जा रही है। टीम मैनेजमेंट लगातार निगरानी में है और प्लेइंग इलेवन को लेकर आखिरी फैसला मैच से पहले लिया जाएगा।
दिल्ली में होने वाला यह मुकाबला भारत के लिए बेहद अहम है- क्या टीम इंडिया मुश्किलों के बीच टॉप पर पहुंच पाएगी? फैंस की नजरें अब 12 फरवरी पर टिकी हैं।
