PCB को शक है कि बाबर आजम और फखर जमां पूरी तरह फिट नहीं थे और इसके बावजूद वर्ल्ड कप खेले। टीम फिजियो की भूमिका जांच के दायरे में,पुराने आरोप भी सामने आए।

Pakistan Cricket: पाकिस्तान क्रिकेट में एक नया विवाद खड़ा हो गया। टी20 वर्ल्ड कप के बाद टीम चयन को लेकर सवाल उठने लगे और अब मामला सीधे फिटनेस रिपोर्ट तक पहुंच गया। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मेडिकल पैनल को शक है कि सीनियर खिलाड़ी बाबर आजम और फखर जमां पूरी तरह फिट नहीं थे, फिर भी उन्हें टी20 वर्ल्ड कप टीम में शामिल किया गया।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला तब सामने आया जब वर्ल्ड कप के बाद दोनों खिलाड़ियों की मेडिकल जांच की गई। यूके बेस्ड स्पोर्ट्स फिजियोथेरेपी एक्सपर्ट डॉ. जावेद मुगल, जो जनवरी में पीसीबी मेडिकल पैनल से जुड़े, उन्होंने इस मुद्दे को उठाया। जांच में संकेत मिले कि खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर सही तस्वीर सामने नहीं रखी गई थी।

बाबर-फखर अनफिट थे?
दरअसल, इस विवाद की झलक पहले ही मिल गई थी, जब सीनियर सेलेक्टर आकिब जावेद ने बांग्लादेश के खिलाफ ODI सीरीज के लिए टीम घोषित करते वक्त इशारा किया था। उस टीम में बाबर और फखर दोनों को जगह नहीं मिली थी और साफ कहा गया था कि उनकी फिटनेस की जांच होगी।

बाबर ने छुपाई थी अपनी चोट
मामला तब और गंभीर हो गया जब सामने आया कि बाबर आजम वर्ल्ड कप के बाद हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण नेशनल टी20 चैंपियनशिप से हट गए। जांच में उनकी चोट पहले से ज्यादा गंभीर निकली। वहीं फखर जमान भी लंबे समय से इसी तरह की समस्या से जूझ रहे थे।

रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ कि चयन समिति को टीम फिजियो क्लिफ डीकन ने दोनों खिलाड़ियों को फिट घोषित किया था। अब यही फैसला सवालों के घेरे में है। क्लिफ डीकन पर पहले भी आरोप लग चुके हैं कि उन्होंने खिलाड़ियों को पूरी तरह फिट न होने के बावजूद टूर्नामेंट के लिए क्लियर किया, क्योंकि टीम के साथ उनका करीबी तालमेल था।

बाबर नेशनल क्रिकेट एकेडमी में रिहैब कर रहे
फिलहाल बाबर आजम नेशनल क्रिकेट अकादमी में रिहैब कर रहे हैं और उम्मीद है कि वह पाकिस्तान सुपर लीग में वापसी करेंगे, जहां वह पेशावर जाल्मी की कप्तानी करेंगे। दूसरी ओर, फखर जमान ने हाल ही में नेशनल टी20 कप में वापसी की और सोशल मीडिया पर संकेत दिया कि वह अब खेलने के लिए फिट हैं, हालांकि पहले पूरी तरह ठीक नहीं थे।

इस पूरे मामले ने पाकिस्तान क्रिकेट के चयन सिस्टम और मेडिकल प्रक्रिया पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अब सभी की नजर PCB की जांच पर है, जो तय करेगी कि गलती कहां हुई और जिम्मेदार कौन है।