PAK vs NAM Colombo Weather: पिछले रविवार भारत के खिलाफ कोलंबो में मिली 61 रन की हार ने पाकिस्तान का सिर्फ मनोबल ही नहीं तोड़ा, बल्कि दोनों टीमों के बीच बढ़ते अंतर को भी सामने रख दिया। इस हार के बाद पाकिस्तान पर लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है। हालांकि कहानी अभी खत्म नहीं हुई है।
पाकिस्तान के पास सुपर-8 में पहुंचने का मौका अभी भी है। ग्रुप ए के अपने आखिरी मुकाबले में उसे बुधवार को नामीबिया को हराना होगा। यह मैच बुधवार को कोलंबो के एसएससी स्टेडियम में खेला जाएगा। जीत मिलते ही पाकिस्तान की जगह पक्की हो जाएगी।
पाकिस्तान की टक्कर नामीबिया से
पाकिस्तान के लिए SSC स्टेडियम शुभ रहा है। यहीं उन्होंने अपने पहले 2 मैचों में अमेरिका और नीदरलैंड्स को हराया था। लेकिन आर प्रेमदासा में तस्वीर बिल्कुल अलग रही। भारत के खिलाफ हार के साथ टी20 वर्ल्ड कप में हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 8-1 हो गया, जो पाकिस्तान के लिए चिंता की बात है।
पॉइंट्स टेबल में पाकिस्तान नीचे खिसका
इस हार के बाद पाकिस्तान अंक तालिका में तीसरे नंबर पर खिसक गया। अमेरिका चार अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। अमेरिका ने नामीबिया, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स को हराया है, उसकी इकलौती हार भारत से हुई। पाकिस्तान के भी चार अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट कम होने के कारण वह पीछे है।
अब समीकरण साफ है कि नामीबिया के खिलाफ जीत जरूरी है। नामीबिया अब तक अपना खाता नहीं खोल पाई। लेकिन मुकाबले से पहले सबसे बड़ी चिंता मौसम है।
कोलंबो में भारी बारिश की आशंका
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार दोपहर कोलंबो में बारिश की संभावना काफी ज्यादा है। दोपहर 1 बजे 60%, 2 बजे 70% और 3 बजे, जो मैच का तय समय है, तब 90% तक बारिश की आशंका जताई गई है। शाम होते-होते हालात बेहतर हो सकते हैं, लेकिन मैच धुलने का खतरा बना हुआ है।
बारिश में मैच धुला तो पाकिस्तान का क्या होगा?
अगर बारिश के कारण देरी होती है तो मैच अधिकारियों को शाम 7:10 बजे तक किसी भी हालत में मुकाबला पूरा कराना होगा। इसमें 60 मिनट का अतिरिक्त समय शामिल है। आईसीसी के नियमों के मुताबिक ग्रुप स्टेज मैच में नतीजा निकालने के लिए दोनों टीमों को कम से कम पांच-पांच ओवर खेलने जरूरी हैं।
T20 World Cup 2026: ऑस्ट्रेलिया वर्ल्ड कप से बाहर, जिम्बाब्वे ने रचा इतिहास; सुपर-8 में बनाई जगह
Ind vs Pak: भारत की जीत पर पाकिस्तानी यूट्यूबर ने खोया आपा, अपनी बहन के मुंह पर केक दे मारा, वीडियो वायरल
अगर पांच ओवर भी नहीं हो पाए तो मैच ‘नो रिजल्ट’ घोषित होगा। ग्रुप स्टेज में रिजर्व डे नहीं है। ऐसी स्थिति में दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलेगा।दिलचस्प बात यह है कि अगर मैच धुल जाता है तो पाकिस्तान के खाते में पांच अंक हो जाएंगे। तब वह नेट रन रेट कम होने के बावजूद अमेरिका को पीछे छोड़ते हुए दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगा और सुपर 8 में जगह बना लेगा। यानी पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला मैदान के साथ-साथ आसमान पर भी टिका है।