Babar Azam Viral Video: पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम इस बार ईद-उल-फितर पर क्रिकेट नहीं, बल्कि अपनी कुकिंग स्किल्स को लेकर चर्चा में आ गए। मैदान से दूर चल रहे बाबर ने घर पर शीर खुरमा बनाकर फैंस को चौंका दिया।
उन्होंने इस खास मौके का एक वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया, जिसमें वह खुद रसोई में खड़े होकर पारंपरिक मिठाई को बनाते नजर आए।
बाबर का वीडियो वायरल
वीडियो में बाबर पूरी दिलचस्पी के साथ कुकिंग करते दिखे और उन्होंने इसे अपनी स्वीट ईद सिग्नेचर बताया। यह क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और फैंस ने उन्हें ईद की शुभकामनाएं देने के साथ-साथ उनकी इस नई स्किल की भी जमकर तारीफ की। आमतौर पर शांत और संयमित नजर आने वाले बाबर का यह अलग अंदाज फैंस को काफी पसंद आया।
बाबर पाकिस्तान टीम से बाहर चल रहे
दरअसल, बाबर इन दिनों क्रिकेट से दूर हैं। टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान टीम के बाहर होने के बाद से ही वह मैदान पर नजर नहीं आए हैं। टीम के राष्ट्रीय चयनकर्ता आकिब जावेद ने हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था कि बाबर चोट के कारण बाहर चल रहे हैं। इसी वजह से उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भी नहीं चुना गया और वह नेशनल टी20 कप 2026 से भी बाहर रहे।
बाबर की फिटनेस को लेकर संशय
बाबर की फिटनेस को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक अपडेट सामने नहीं आया। न तो चयन समिति ने और न ही खुद बाबर ने यह साफ किया है कि वह पूरी तरह फिट कब तक होंगे। ऐसे में फैंस उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
पेशावर जाल्मी की कप्तानी करेंगे
इस बीच, उम्मीद की जा रही है कि बाबर जल्द ही मैदान पर वापसी करेंगे। वह आगामी पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के 11वें सीजन में पेशावर जाल्मी की कप्तानी करते नजर आएंगे। यह टूर्नामेंट 26 मार्च से 3 मई तक खेला जाएगा, जहां बाबर के प्रदर्शन पर सभी की नजरें टिकी होंगी।
बाबर अजम पाकिस्तान क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में गिने जाते हैं और उनकी गैरमौजूदगी टीम के लिए बड़ी कमी मानी जा रही है। ऐसे में PSL 11 उनके लिए वापसी का बड़ा मंच साबित हो सकता है। फैंस को उम्मीद है कि वह जल्द फिट होकर एक बार फिर अपने पुराने अंदाज में रन बनाते नजर आएंगे।
फिलहाल, ईद के मौके पर उनका यह कुकिंग वीडियो उनके फैंस के लिए एक खास तोहफा बन गया है, जिसने यह दिखाया कि क्रिकेट के अलावा भी बाबर के पास कई दिलचस्प पहलू हैं।