MS Dhoni Sakshi Viral video: भारत और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल के दौरान खुद महेंद्र सिंह धोनी वानखेड़े स्टेडियम में मैच देखने पहुंचे थे। मैच के दौरान साक्षी ने गलतफहमी में विकेट समझकर जश्न मनाया तो धोनी ने उन्हें शांत कराया।

MS  Dhoni Sakshi Viral video: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच मुकाबला जितना रोमांचक था, उतना ही दिलचस्प एक पल स्टैंड्स में भी देखने को मिला। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपनी पत्नी साक्षी के साथ वीआईपी बॉक्स में मैच देख रहे थे। इसी दौरान एक मजेदार घटना कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया परवायरल हो रहा।

धोनी सुबह सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन की शादी में शामिल हुए थे लेकिन शाम को भारत-इंग्लैंड के बड़े मुकाबले को मिस न करने के लिए वे सीधे वानखेड़े पहुंच गए। मैच के दौरान कैमरे कई बार वीआईपी बॉक्स की तरफ घूमते रहे, जहां धोनी मैच का लुत्फ लेते नजर आए।

मैच के 18वें ओवर में यह मजेदार पल सामने आया। इंग्लैंड की पारी के इस अहम ओवर में गेंदबाजी कर रहे थे तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह। उस समय इंग्लैंड के बैटर जैकब बेथेल और सैम करन क्रीज पर थे और टीम को तेजी से रन चाहिए थे।

ओवर की पहली ही गेंद पर बुमराह ने फुल लेंथ गेंद फेंकी, जिसे करन ने हल्का सा वापस गेंदबाज की तरफ खेल दिया। स्टैंड्स में बैठीं साक्षी धोनी को लगा कि भारत को विकेट मिल गया है और वे तुरंत उछलकर जश्न मनाने लगीं।हालांकि गेंद जमीन पर टप्पा खाकर बुमराह तक पहुंची थी, यानी बल्लेबाज आउट नहीं था। पीछे बैठे धोनी ने तुरंत साक्षी को शांत रहने का इशारा किया और बताया कि यह विकेट नहीं है। दोनों के बीच यह हल्का-फुल्का पल कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

मैदान पर भी यह ओवर भारत के लिए टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ। बुमराह ने इस ओवर में सिर्फ 6 रन दिए और इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर दबाव बना दिया। इसके बाद अगले ओवर में हार्दिक पंड्या ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 9 रन दिए।

इस दबाव का नतीजा यह रहा कि इंग्लैंड आखिरी ओवरों में जरूरी रन नहीं बना सका और भारत ने रोमांचक मुकाबले में 7 रन से जीत दर्ज कर ली। मैच के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जीत का श्रेय बुमराह को दिया। उन्होंने कहा, 'हम सब जानते हैं कि बुमराह क्या कर सकते हैं। उन्होंने एक बार फिर मुश्किल वक्त में जिम्मेदारी ली और मैच को हमारे पक्ष में मोड़ दिया।'

वानखेड़े में भारत की इस जीत के साथ-साथ स्टैंड्स में धोनी और साक्षी का यह हल्का-फुल्का पल भी फैंस के लिए यादगार बन गया।