Hardik Sahibzada Farhan dismissal video: पाकिस्तान के खिलाफ मैच में हार्दिक पंड्या ने ओपनर साहिबजादा फरहान को आउट किया। इसके बाद पंड्या के नो लुक जश्न का वीडियो वायरल हो रहा।

Hardik Sahibzada Farhan dismissal video: भारत ने रविवार को कोलंबो में खेले गए टी20 विश्व कप 2026 के अहम मुकाबले में पाकिस्तान को 61 रन से हराया। इस जीत के साथ ही भारत सुपर-8 में पहुंच गया। उम्मीद तो ये थी कि मुकाबला रोमांचक होगा लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ और भारत ने एकतरफा अंदाज में पाकिस्तान को धो डाला। 

भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 175 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। इस पारी के हीरो रहे ईशान किशन। उन्होंने सिर्फ 40 गेंद में 77 रन ठोक दिए। दमदार टाइमिंग और बेखौफ अंदाज़ में ईशान ने बल्लेबाजी की। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंदों पर 32 रन जोड़कर पारी को संभाला, जबकि शिवम दुबे ने 27 रन का अहम योगदान दिया। पाकिस्तान की ओर से सैम अयूब ने 25 रन देकर 3 विकेट लिए। कप्तान सलमान अली आगा और उस्मान तारिक को एक-एक विकेट मिला।

175 के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत ही बिखर गई। पहले ही ओवर में हार्दिक पांड्या ने साहिबज़ादा फरहान को शून्य पर चलता किया। रिंकू सिंह ने कैच लपका और इसके बाद हार्दिक का 'नो-लुक' सेलिब्रेशन स्टंप कैम में कैद हो गया। बिना बल्लेबाज़ की ओर देखे ठंडे अंदाज़ में जश्न। यही पल मैच का टोन सेट कर गया।

इसके बाद वरुण चक्रवर्ती,अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह ने कमाल की गेंदबाज़ी की। पाकिस्तान की पूरी टीम 114 रन पर ढेर हो गई। उस्मान खान ने 34 गेंदों में 44 रन बनाकर थोड़ी कोशिश की जबकि शाहीन शाह अफरीदी 19 गेंदों पर 23 रन बनाकर नाबाद रहे लेकिन नतीजे पर कोई असर नहीं पड़ा।

यह टूर्नामेंट में भारत की लगातार तीसरी जीत है। इससे पहले टीम ने अमेरिका और नामीबिया को हराया था। डिफेंडिंग चैंपियन अब सुपर-8 में आत्मविश्वास के साथ उतरेगी और घरेलू माहौल का फायदा उठाने की कोशिश करेगी। उधर, पाकिस्तान ने शुरुआती मैचों में नीदरलैंड्स और अमेरिका को हराया था, लेकिन अब उसे सुपर-8 की उम्मीद जिंदा रखने के लिए नामीबिया के खिलाफ हर हाल में जीत चाहिए।