IPL 2026: आईपीएल 2026 से ठीक पहले राजस्थान रॉयल्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के अहम ऑलराउंडर सैम करन चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए। इसके बाद फ्रेंचाइजी ने श्रीलंका के टी20 कप्तान दासुन शनाका को उनका रिप्लेसमेंट घोषित किया।
राजस्थान रॉयल्स ने शानाका को 2 करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया है। फ्रेंचाइजी के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट और हेड कोच कुमार संगाकारा ने कहा कि करन जैसे खिलाड़ी का बाहर होना टीम के लिए नुकसान है, लेकिन शनाका एक बेहतरीन फिनिशर और ऑलराउंडर हैं, जो टीम का संतुलन बनाए रखेंगे।
सैम करन आईपीएल 2026 से बाहर
गौरतलब है कि करन पिछले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा थे और एक बड़े ट्रेड के तहत राजस्थान रॉयल्स में आए थे। इस ट्रेड में संजू सैमसन चेन्नई में गए जबकि राजस्थान ने करन के साथ रवींद्र जडेजा को अपनी टीम में शामिल किया था। लेकिन सीजन शुरू होने से पहले ही करन का बाहर होना टीम के प्लान पर असर डाल सकता।
शनाका को चुना रिप्लेसमेंट
दसुन शनाका का इंटरनेशनल करियर काफी शानदार रहा। उन्होंने श्रीलंका के लिए 6 टेस्ट, 71 वनडे और 131 टी20 मैच खेले हैं। इस दौरान उनके नाम 3350 से ज्यादा रन और 86 विकेट दर्ज हैं। वह मिडिल ऑर्डर में तेजी से रन बनाने और जरूरत पड़ने पर गेंद से योगदान देने के लिए जाने जाते हैं।
आईपीएल में भी शानाका पहले खेल चुके हैं। वह 2023 में गुजरात टाइटंस के लिए खेले थे, जहां उन्होंने तीन मैचों में 26 रन बनाए थे। इसके अलावा 2025 में भी वह रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम से जुड़े थे, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला।
दिलचस्प बात यह है कि शानाका इस साल पाकिस्तान सुपर लीग में लाहौर कलंदर्स के साथ जुड़े थे, लेकिन आईपीएल में मौका मिलने के बाद उन्होंने लीग छोड़ दी। वह इस साल आईपीएल के लिए पीएसएल छोड़ने वाले दूसरे खिलाड़ी बने हैं। इससे पहले जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी भी ऐसा कर चुके हैं।
राजस्थान रॉयल्स अपने आईपीएल 2026 अभियान की शुरुआत 30 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ गुवाहाटी के ACA स्टेडियम में करेगी। टीम चाहेगी कि नए खिलाड़ी के साथ वह मजबूत शुरुआत करे और करन की कमी को जल्दी भर सके।