T20 World cup 2026: वॉर्म अप मैच के लिए इंडिया-ए टीम का ऐलान, शेड्यूल भी जारी, तिलक वर्मा पर आया अपडेट

india-a squad t20 world cup
T20 World cup warm up matches: टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर आई है। तेज गेंदबाज मयंक यादव को वॉर्म-अप मुकाबलों के लिए घोषित इंडिया-ए टीम में जगह दी गई। इंडिया-ए टीम टी20 वर्ल्ड कप से पहले यूएसए और नामीबिया के खिलाफ अभ्यास मैच खेलेगी। लंबे समय से चोट से जूझ रहे मयंक की यह वापसी भारतीय टीम मैनेजमेंट के लिए भी राहत भरी मानी जा रही है।
टी-20 वर्ल्ड कप के वॉर्मअप मैचों का शेड्यूल जारी हो गया। मुकाबले 2 से 6 फरवरी के बीच खेले जाएंगे। भारतीय टीम भी एक वॉर्मअप मैच खेलेगी जोकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ 4 फरवरी को मुंबई के डीवाय पाटील स्टेडियम में होगा। शेष 2 वॉर्मअप मैच में इंडिया ए की टीम उतरेगी।
मयंक यादव आईपीएल 2024 में अपनी एक्सप्रेस पेस के चलते अचानक सुर्खियों में आए थे। हालांकि इसके बाद वह स्ट्रेस फ्रैक्चर की वजह से करीब एक साल तक क्रिकेट से दूर रहे। मयंक ने आखिरी बार आईपीएल 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबला खेला था। अब पूरी तरह फिट होकर उन्होंने फिर से मैदान पर लौटने का मौका हासिल किया है।
इंडिया-ए टीम में तिलक वर्मा की भी वापसी हुई है। तिलक को बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से ग्रोइन इंजरी के बाद फिट घोषित किया गया। वह हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज से बाहर थे। बीसीसीआई ने साफ किया है कि तिलक वर्मा एक वॉर्म-अप मैच खेलेंगे और इसके बाद सीधे सीनियर टीम से जुड़ जाएंगे।
बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, 'तिलक वर्मा सीनियर टीम से जुड़ने से पहले एक वॉर्म-अप मुकाबले में हिस्सा लेंगे।' इंडिया-ए टीम अपना पहला वॉर्म-अप मैच 2 फरवरी को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में यूएसए के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद दूसरा मुकाबला 6 फरवरी को बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में नामीबिया के खिलाफ होगा।
इस 15 सदस्यीय इंडिया-ए टीम की कप्तानी आयुष बडोनी को सौंपी गई है। टीम में युवा और उभरते खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण देखने को मिल रहा है, जिनमें नमन धीर, रियान पराग, विप्रज निगम और रवि बिश्नोई जैसे नाम शामिल हैं। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी एन जगदीशन और उर्विल पटेल संभालेंगे।
गौरतलब है कि डिफेंडिंग चैंपियन भारत टी20 वर्ल्ड कप में अपना अभियान 7 फरवरी को अमेरिका के खिलाफ ही शुरू करेगा। ऐसे में इंडिया-A के ये अभ्यास मुकाबले खिलाड़ियों की फॉर्म और फिटनेस परखने के लिहाज से बेहद अहम माने जा रहे हैं।
India-A Squad For T20 World cup: आयुष बडोनी (कप्तान), नमन धीर, आशुतोष शर्मा, प्रियांश आर्य, एन जगदीशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, रियान पराग, मानव सुथार, अशोक शर्मा, उर्विल पटेल (विकेटकीपर), गुरजपनीत सिंह, विप्रज निगम, रवि बिश्नोई, खलील अहमद, मयंक यादव।
