Pakistan team: '3 साल पहले कहां सो रही थी आईसीसी...'अकमल ने भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार पर कही बड़ी बात

Kamran Akmal on Pakistan boycott
Kamran Akmal on Pakistan boycott: आगामी टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस बीच पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज कमरान अकमल ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल पर सीधा हमला बोला है। अकमल ने साफ कहा है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार के फैसले पर पीछे नहीं हटना चाहिए।
दरअसल, बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए टी20 वर्ल्ड कप से नाम वापस ले लिया था। इसके बाद पाकिस्तान सरकार ने भी ऐलान किया कि उसकी टीम भारत के खिलाफ मुकाबला नहीं खेलेगी। इस फैसले के बाद आईसीसी ने पीसीबी से अपने रुख पर दोबारा विचार करने को कहा। हालांकि, अब तक पीसीबी की ओर से आईसीसी को औपचारिक रूप से कोई पत्र नहीं भेजा गया।
इसी मुद्दे पर कमरान अकमल ने अपने यूट्यूब चैनल गेम प्लान पर आईसीसी की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'पीसीबी को बिल्कुल पीछे नहीं हटना चाहिए। आईसीसी अब हमें समझा रही है लेकिन जब एशिया कप हाइब्रिड मॉडल में खेला गया, तब आईसीसी कहां थी? जब भारत ने पाकिस्तान में चैंपियंस ट्रॉफी खेलने से इनकार किया और न्यूट्रल वेन्यू की बात की, तब आईसीसी क्यों नहीं बोली?'
अकमल ने आगे कहा कि पाकिस्तान ने कई बार मुश्किल हालात के बावजूद भारत में जाकर क्रिकेट खेला है। मैं खुद भारत में खेल चुका हूं। तब तनाव कम नहीं था। आईसीसी को ये बातें तीन साल पहले सोचनी चाहिए थीं।
पूर्व पाक खिलाड़ी ने यह भी आरोप लगाया कि एशिया कप के दौरान पाकिस्तान टीम का अपमान किया गया। हमने भारत के हाइब्रिड मॉडल को स्वीकार किया। लेकिन एशिया कप में हमारे खिलाड़ियों से हाथ तक नहीं मिलाया गया। ट्रॉफी लेने से भी इनकार किया गया। यह खुला अपमान था।
ICC ने अपने बयान में कहा है कि चयनित मुकाबलों से हटना वैश्विक टूर्नामेंट की भावना के खिलाफ है। ICC ने PCB से आग्रह किया है कि वह अपने फैसले के दीर्घकालिक असर पर विचार करे, क्योंकि इससे न सिर्फ पाकिस्तान बल्कि पूरी वैश्विक क्रिकेट व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। फिलहाल, भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर स्थिति साफ नहीं है, लेकिन कमरान अकमल के बयान ने इस विवाद को और तेज कर दिया है।
