IND vs USA T20 WC: डिफेंडिंग चैंपियन भारत का अमेरिका से ओपनिंग मुकाबला, 'अपनों' के बीच टक्कर में कौन मारेगा बाजी?

IND vs USA T20 World cup 2026
X

IND vs USA T20 World cup 2026: भारत और अमेरिका के बीच टी20 विश्व कप में टक्कर होगी। 

IND vs USA T20 WC: टी20 विश्व कप 2026 में भारत शनिवार को अपने पहले मुकाबले में अमेरिका से दो-दो हाथ करेगा। दिलचस्प बात ये है कि अमेरिका की टीम में आधे से ज्यादा खिलाड़ी भारत और पाकिस्तान मूल के हैं। ऐसे में भारत की टक्कर अपनों से ही होगी।

IND vs USA T20 WC: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शनिवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और अमेरिका के बीच मुकाबले से टूर्नामेंट का आगाज होगा। जहां एक ओर टीम इंडिया अपनी दमदार टी20 फॉर्म के साथ खिताब बचाने की उम्मीदों के साथ उतरेगी। वहीं, दूसरी तरफ अमेरिका की टीम भी उलटफेर की उम्मीदों के साथ दम भरेगी।

यूएसए की टीम की खास बात यह है कि उसके सिर्फ 4 खिलाड़ी अमेरिका में जन्मे हैं जबकि बाकी 11 पहली पीढ़ी के प्रवासी हैं। इनमें 3 खिलाड़ी पाकिस्तान में जन्मे हैं और कप्तान मोनांक पटेल समेत 4 प्लेयर्स भारत में पैदा हुए हैं। मोनांक ने हाल ही में कहा था कि यूएसए के लिए खेलते समय कोई भारतीय या पाकिस्तानी नहीं होता। भारतीय, पाकिस्तानी, दक्षिण अफ्रीकी और श्रीलंकाई मूल के खिलाड़ियों से सजी यह टीम भारत के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। यानी ये मुकाबला अपनों के बीच ही है।

भारत की खिताब बचाने पर नजर

भारत ने पिछले कुछ सालों में शानदार टी20 प्रदर्शन किया है। टी20 विश्व कप के पिछले 9 सीजन में अब तक कोई भी टीम अपने घरेलू मैदान पर खिताब नहीं बचा पाई है लेकिन भारत के पास इस बार इतिहास बदलने का मौका है। 2011 वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाले वानखेड़े स्टेडियम में टीम नई उम्मीदों के साथ उतर रही।

ईशान कर सकते हैं ओपनिंग

अमेरिका के हरमीत सिंह और भारत के ईशान किशन। मुंबई में जन्मे हरमीत कभी भारत की अंडर-19 टीम के स्टार रहे थे और अब यूएसए के लिए खेलते हुए अपने जन्मस्थान पर भारत के खिलाफ उतरेंगे। वहीं, ईशान किशन ने पिछले छह महीनों में जबरदस्त वापसी की है। शुभमन गिल और संजू सैमसन की खराब फॉर्म के बीच उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर टीम में जगह बनाई और अब ओपनिंग में अभिषेक शर्मा के साथ उतरने के दावेदार हैं।

खिलाड़ियों की चोट से भारत की परेशानी बढ़ी

टीम न्यूज की बात करें तो वाशिंगटन सुंदर अभी साइड स्ट्रेन से उबर रहे हैं जबकि हर्षित राणा की फिटनेस चिंता का विषय है। तिलक वर्मा फिट होकर लौट चुके हैं। अमेरिका के लिए विकेटकीपर एंड्रीस गॉस की वापसी तय मानी जा रही।

कैसा रहेगा पिच का मिजाज?

पिच और मौसम बल्लेबाजों के लिए मददगार रह सकते हैं। दिन में तापमान 35 डिग्री के आसपास रहेगा लेकिन शाम को ओस पड़ने से बल्लेबाजी और आसान हो सकती है।

आंकड़ों की बात करें तो भारत ने आखिरी बार 2022 टी20 वर्ल्ड कप में मैच गंवाया था। हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ 271 रन बनाकर टीम ने टी20 में अपनी ताकत भी दिखाई है। अब देखना दिलचस्प होगा कि मजबूत भारत और जोशीली USA टीम में कौन बाजी मारता है।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

भारत: 1 अभिषेक शर्मा, 2 ईशान किशन (विकेट कीपर), 3 तिलक वर्मा, 4 सूर्यकुमार यादव (कप्तान), 5 हार्दिक पांड्या, 6 रिंकू सिंह, 7 शिवम दूबे, 8 अक्षर पटेल, 9 अर्शदीप सिंह, 10 जसप्रीत बुमराह, 11 वरुण चक्रवर्ती।

अमेरिका: 1 सैतेजा मुक्कमल्ला, 2 एंड्रीज गौस (विकेट कीपर), 3 शायन जहांगीर, 4 मोनंक पटेल (कप्तान), 5 मिलिंद कुमार, 6 हरमीत सिंह, 7 शुभम रंजने, 8 मोहम्मद मोहसिन, 9 शैडली वैन शल्कविक, 10 सौरभ नेत्रवलकर, 11 अली खान।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story