ind vs pak: 22,53,88,12,000 रुपये पानी में...भारत-पाक मैच रद्द होने पर ICC को लगेगा चूना?

India-Pakistan T20 World Cup USD 250 million loss
X

भारत और पाकिस्तान मुकाबला नहीं हुआ तो आईसीसी को 2200 करोड़ का नुकसान होगा।  

ind vs pak WC Loss: भारत-पाकिस्तान मैच न होने से टी20 वर्ल्ड कप को 250 मिलियन डॉलर का नुकसान हो सकता है। ब्रॉडकास्टर और ICC को विज्ञापन व राइट्स से भारी घाटे का खतरा।

ind vs pak WC Loss: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अगर भारत और पाकिस्तान मुकाबला नहीं हुआ, तो इसका असर सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रहेगा। इस एक मैच के न होने से आईसीसी को करीब 250 मिलियन अमेरिकी डॉलर (2200 करोड़ रुपये से ज्यादा) का नुकसान हो सकता। उद्योग से जुड़े अनुमानों के मुताबिक, यह मुकाबला क्रिकेट की सबसे बड़ी कमाई मशीन माना जाता है।

भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्तों में तनाव के चलते दोनों टीमें सिर्फ मल्टी-नेशन टूर्नामेंट में ही आमने-सामने आती हैं। यही वजह है कि आईसीसी हर वर्ल्ड इवेंट में दोनों को एक ही ग्रुप में रखता है। दर्शकों की जबरदस्त दिलचस्पी और अरबों की व्यूअरशिप इस मैच को बाकी मुकाबलों से खास बना देती है।

भारत-पाक मैच की कीमत 2200 करोड़

पाकिस्तान सरकार ने बीते रविवार को ऐलान किया कि उसकी टीम 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाला भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगी। अगर पाकिस्तान अपने फैसले पर अड़ा रहता है, तो इसका सीधा असर आईसीसी की कमाई और भारत के मीडिया राइट्स होल्डर जियोस्टार पर पड़ेगा, जो पहले से ही आईसीसी के साथ करीब 3 बिलियन डॉलर के डील को दोबारा तय करने की कोशिश में है।

ब्रॉडकास्टर से लेकर आईसीसी को बड़ा नुकसान

होस्ट ब्रॉडकास्टर को अकेले विज्ञापन से 200 से 250 करोड़ रुपये तक का नुकसान हो सकता। भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान 10 सेकंड के एक विज्ञापन स्लॉट की कीमत 40 लाख रुपये तक जाती है। ऐसे में इस मुकाबले का रद्द होना ब्रांड्स और ब्रॉडकास्टर, दोनों के लिए झटका है। हालांकि अगर पाकिस्तान मैच नहीं खेलता है, तो नियमों के मुताबिक भारत को वॉकओवर के जरिए पूरे अंक मिल जाएंगे। इसके साथ ही आईसीसी के पास यह अधिकार भी है कि वह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर वित्तीय जुर्माना लगाए।

आईसीसी और पीसीबी के पूर्व कम्युनिकेशन हेड सामी-उल-हसन ने इस मैच की अहमियत को साफ शब्दों में समझाया। उन्होंने कहा, 'एक मैच की कीमत 250 मिलियन डॉलर है। पाकिस्तान की सालाना कमाई करीब 35.5 मिलियन डॉलर है। फर्क साफ है।'

ऑस्ट्रेलियाई अखबार सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड ने भी इंडस्ट्री सूत्रों के हवाले से बताया कि भारत-पाकिस्तान का हर मुकाबला करीब 250 मिलियन डॉलर का होता है, क्योंकि इसे एक अरब से ज्यादा लोग देखते हैं। आईसीसी ने अपने बयान में कहा कि चुनिंदा मैचों से हटना वैश्विक टूर्नामेंट की भावना के खिलाफ है। आईसीसी ने साफ किया कि खेल की निष्पक्षता और प्रतियोगिता की गरिमा सबसे ऊपर है।

इस पूरे विवाद के बीच पाकिस्तान टीम अपने बाकी मैच खेलने के लिए कोलंबो रवाना हो चुकी है। 2027 तक हाइब्रिड मॉडल पर सहमति के बावजूद भारत मैच से दूरी बनाना PCB के लिए आगे मुश्किलें बढ़ा सकता है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story