wtc final prize money: चैंपियन साउथ अफ्रीका को कितनी प्राइज मनी मिली? हारने वाली ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भी मालामाल, भारत को मिले 12 करोड़

wtc final prize money: साउथ अफ्रीका को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप जीतने पर कितनी प्राइज मनी मिलेगी।
wtc final prize money: साउथ अफ्रीका ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीत इतिहास रच दिया। लॉर्ड्स में खेले गए फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को साउथ अफ्रीका ने 5 विकेट से हराया। दक्षिण अफ्रीका ने 1998 के बाद आईसीसी ट्रॉफी जीती है और पहली बार टेस्ट चैंपियनशिप की चैंपियन बनी है। लॉर्ड्स के मैदान पर खेला गया ये फाइनल रोमांच से भरपूर रहा। पहले दो दिन तक ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी था, लेकिन तीसरे दिन प्रोटियाज ने शानदार वापसी करते हुए मैच को अपने नाम कर लिया। 136 रन की पारी खेलने वाले एडेन मार्करम प्लेअर ऑफ द मैच रहे।
टेम्बा बावुमा की कप्तानी में साउथ अफ्रीका ने न सिर्फ WTC की मेस (गदा) जीती, बल्कि बड़ी इनामी राशि भी अपने खाते में डाली। आइए जानते हैं चैंपियन बनने पर साउथ अफ्रीको कितनी प्राइज मनी मिली और हारने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम को कितनी रकम मिलेगी।
किस टीम को कितनी इनामी राशि मिली?
ICC ने इस बार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिए अब तक का सबसे बड़ा प्राइज पूल घोषित किया था। सभी 9 टीमों को उनकी फाइनल रैंकिंग के आधार पर इनाम मिला:
टीम | स्थान | प्राइज मनी (यूएस डॉलर) | भारतीय करेंसी में (लगभग) |
साउथ अफ्रीका | विनर | 3,600,000 | ₹30.78 करोड़ |
ऑस्ट्रेलिया | रनर अप | 2,160,000 | ₹18.56 करोड़ |
भारत | तीसरा | 1,440,000 | ₹12.13 करोड़ |
न्यूजीलैंड | चौथा | 1,200,000 | ₹10.26 करोड़ |
इंग्लैंड | पांचवां | 960,000 | ₹8.20 करोड़ |
श्रीलंका | छठा | 840,000 | ₹7.18 करोड़ |
बांग्लादेश | सातवां | 720,000 | ₹6.15 करोड़ |
वेस्टइंडीज | आठवां | 600,000 | ₹5.13 करोड़ |
पाकिस्तान की टीम रैंकिंग में 9वें स्थान पर रही और उसे भी प्राइज मनी के तौर पर 4 करोड़ रुपये से अधिक मिले।
साउथ अफ्रीका का WTC में प्रदर्शन
साउथ अफ्रीका ने इस WTC चक्र में 12 मैच खेले, जिसमें 8 में जीत हासिल की, 3 में हार मिली और 1 मुकाबला ड्रॉ रहा। उनकी पॉइंट्स परसेंटेज (PCT) 69.44 रही, जो टेबल में सबसे ऊपर रही।
भारत का सफर
भारत ने इस चक्र में 19 टेस्ट खेले, जिनमें 9 में जीत और 8 में हार मिली। 2 टेस्ट ड्रॉ रहे। कुल मिलाकर भारत ने 114 अंक हासिल किए और PCT रहा 50.00।
साउथ अफ्रीका की यह जीत न केवल भावनात्मक रूप से महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे यह भी साबित होता है कि टेस्ट क्रिकेट में वापसी कभी भी मुमकिन है, बस हौसला और रणनीति सही होनी चाहिए।