Women’s World Cup 2025: महिला वर्ल्ड कप चैंपियन को मेंस टीम से ज्यादा पैसा मिलेगा, प्राइज मनी में 300% का इजाफा

महिला वनडे विश्व कप 2025 की प्राइज मनी में 300 फीसदी का इजाफा।
Women’s World Cup 2025 Prize Money: आईसीसी ने ऐतिहासिक फैसला किया है। इस साल भारत में होने वाले महिला विश्व कप की चैंपियन टीम को 2023 में वनडे विश्व कप जीतने वाली मेंस टीम से ज्यादा इनाम मिलेगा। आईसीसी ने महिला विश्व कप की प्राइज मनी में 297 फीसदी का इजाफा किया है। इस बार टूर्नामेंट में कुल प्राइज मनी 13.88 मिलियन डॉलर (करीब ₹116 करोड़) होगी, जो साल 2022 में न्यूजीलैंड में हुए पिछले वर्ल्ड कप की प्राइज मनी 3.5 मिलियन डॉलर से लगभग 297% अधिक है।
सबसे बड़ी बात यह है कि यह प्राइज मनी पुरुषों के पिछले वनडे वर्ल्ड कप 2023 (10 मिलियन डॉलर) से भी ज्यादा है। यह महिला क्रिकेट के लिए एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा।
विजेता टीम को 37.5 करोड़ मिलेंगे
वर्ल्ड कप की विजेता टीम को 4.48 मिलियन डॉलर (करीब ₹37.5 करोड़) मिलेंगे जबकि 2022 में ऑस्ट्रेलिया को खिताब जीतने पर 1.32 मिलियन डॉलर मिले थे। उपविजेता टीम को 2.24 मिलियन डॉलर (करीब ₹18.7 करोड़) दिए जाएंगे। वहीं सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमों को 1.12 मिलियन डॉलर (करीब ₹9.3 करोड़) मिलेंगे।
महिला विश्व कप 2025 में अब ग्रुप स्टेज का भी महत्व बढ़ गया। हर जीत पर टीम को 34314 डॉलर (करीब ₹28.6 लाख) मिलेंगे। जो टीमें पांचवें और छठे स्थान पर रहेंगी, उन्हें 7 लाख डॉलर मिलेंगे जबकि सातवें और आठवें स्थान पर रहने वाली टीमों को 2.8 लाख डॉलर की राशि दी जाएगी। हर टीम को कम से कम 2.5 लाख डॉलर (₹2 करोड़ से ज्यादा) की गारंटी राशि भी मिलेगी।
महिला क्रिकेट के विकास पर फोकस
आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कहा, 'यह महिला क्रिकेट की यात्रा में एक ऐतिहासिक कदम है। हमारी प्राथमिकता है कि महिला क्रिकेटरों को पुरुषों के बराबर सम्मान और मौके मिलें। इस फैसले से महिला खिलाड़ियों को यह भरोसा मिलेगा कि यदि वे क्रिकेट को पेशेवर करियर के रूप में चुनती हैं तो उन्हें बराबरी का दर्जा मिलेगा।'
महिला वर्ल्ड कप 2025 भारत और श्रीलंका के 5 शहरों में खेला जाएगा। भारत में गुवाहाटी, इंदौर, नवी मुंबई और विशाखापट्टनम में मैच होंगे, जबकि कोलंबो (श्रीलंका) भी मेजबान शहर होगा। यह फैसला महिला क्रिकेट को नए मुकाम पर ले जाने वाला है और खिलाड़ियों को आर्थिक मजबूती देने में मदद करेगा।
