ms dhoni: 'वो फिट भी हैं क्या...? धोनी के रिटायरमेंट पर सुरेश रेना और आकाश चोपड़ा में LIVE शो में हुई नोंकझोंक, देखें वीडियो

ms dhoni ipl retirement: महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास को लेकर आकाश चोपड़ा और रैना भिड़ लिए।
ms dhoni retirement: क्रिकेट की दुनिया में महेंद्र सिंह धोनी की आईपीएल से रिटायरमेंट को लेकर फिर से बहस छिड़ गई है। चेन्नई सुपर किंग्स के आखिरी मुकाबले के बाद यह चर्चा और तेज हो गई, जब धोनी ने अपने आईपीएल भविष्य को लेकर ऐसा जवाब दिया, जिससे उनके संन्यास की बात और उलझ गई। इस बीच, स्टार स्पोर्ट्स पर लाइव शो के दौरान पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा और सुरेश रैना के बीच धोनी के आईपीएल भविष्य को लेकर जोरदार बहस हो गई। दोनों की राय इस पर एकदम जुदा थी।
एक तरफ रैना धोनी की खुलकर वकालत कर रहे थे। दूसरी तरफ आकाश चोपड़ा ने धोनी की उम्र और फिटनेस दोनों पर सीधे सवाल खड़े कर दिए। इस पूरे विवाद में संजय बांगड़ और आरपी सिंह भी कूद गए। इसका वीडियो वायरल हो रहा। आइए आपको बताते हैं कि लाइव शो के दौरान आकाश और रैना के बीच धोनी को लेकर क्या बात हुई।
आकाश चोपड़ा ने सवाल उठाया, 'अगर एमएस धोनी अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी होते, तो क्या वो इस साल CSK की टीम में होते?' इसके जवाब में सुरेश रैना ने तुरंत पलटवार किया, 'बिलकुल होते। वो 18 साल से टीम का हिस्सा हैं और आज भी सबसे ज्यादा छक्के मारते हैं।'
16 runs in 6 balls! Will #AakashChopra & #SanjayBangar back #MSDhoni as the ultimate finisher? 👀
— Star Sports (@StarSportsIndia) May 25, 2025
Our experts debate: is it 𝙏𝙄𝙈𝙀 𝙐𝙋 or 𝙅𝙐𝙎𝙏 𝙏𝙄𝙈𝙀 𝙊𝙐𝙏, as Thala leads CSK #OneLastTime! 🔥
Join them for a fiery debate TODAY at 2:30 PM!#Race2Top2 👉 GTvCSK | SUN,… pic.twitter.com/9XPzzrtZgq
चोपड़ा का अगला सवाल था, 'अगर धोनी इतने बड़े खिलाड़ी हैं, तो वो 7, 8 या 9 नंबर पर क्यों बैटिंग कर रहे? टीम की टॉप ऑर्डर फ्लॉप रही, फिर भी वो ऊपर क्यों नहीं आए? क्या वो फिट नहीं हैं?' इस पर रैना ने सफाई दी, 'उन्हें आखिरी के चार ओवर में बैटिंग करना ज्यादा कंफर्टेबल लगता है। वो 43 की उम्र में भी विकेटकीपिंग कर रहे। पिछले साल उन्होंने खुद कहा था कि टीम में युवाओं को मौका देना चाहते हैं, इसलिए खुद पीछे हटे हैं।'
इसके बाद आरपी सिंह भी इस चर्चा में जुड़े और बोले, 'धोनी का घुटने का ऑपरेशन हुआ है। हर खिलाड़ी को रिकवरी में वक्त लगता है। उन्होंने खुद को मैनेज किया, जैसे रैना ने भी किया था।'
धोनी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ सीजन के आखिरी मुकाबले में बैटिंग नहीं की। जब मैच खत्म हुआ और उनसे पूछा गया कि क्या ये उनका आखिरी मैच था, तो धोनी ने कहा, 'मैं ये नहीं कह रहा कि मैं खत्म हो गया हूं, और ये भी नहीं कह रहा कि वापस आऊंगा। मेरे पास 4-5 महीने हैं फैसला करने के लिए।'
धोनी के इस बयान ने रिटायरमेंट की अटकलों को और हवा दे दी। फिलहाल ये साफ नहीं है कि धोनी 2026 में खेलेंगे या नहीं। लेकिन इतना तय है कि उनकी मौजूदगी और उनका फैसला IPL के फैन्स और CSK के लिए बेहद अहम रहेगा।