सावन का अंतिम सोमवार: शिव कृपा पाने के लिए करें ये 5 विशेष अर्पण

Sawan Somwar Shiv Pooja: सावन महीना अपने अंतिम चरण पर है। 4 अगस्त को सावन का अंतिम सोमवार पड़ रहा है। शिव भक्तों के लिए यह दिन अत्यंत शुभ और फलदायक माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सावन के सोमवार को भगवान शिव की विशेष आराधना करने से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का आगमन होता है। यदि आप भोलेनाथ की कृपा प्राप्त करना चाहते हैं, तो इस दिन कुछ विशेष वस्तुएं शिवलिंग पर अर्पित जरूर करें।
रुद्राक्ष (शिवभक्ति का प्रतीक)
रुद्राक्ष को भगवान शिव का स्वरूप माना गया है, जिसे उनके अश्रुओं से उत्पन्न बताया गया है। यदि अंतिम सोमवार को शिवलिंग पर रुद्राक्ष या उसकी माला चढ़ाई जाए, तो यह आर्थिक उन्नति, मानसिक शांति और आध्यात्मिक विकास का मार्ग प्रशस्त करता है।
कच्चा दूध और शहद (जीवन में मिठास और संतान सुख)
गाय के कच्चे दूध से शिवलिंग का अभिषेक करना अत्यंत शुभ माना गया है। यदि इसमें शहद मिलाकर अर्पित किया जाए, तो इसका प्रभाव और भी अधिक बढ़ जाता है। यह उपाय वैवाहिक जीवन में मधुरता और संतान प्राप्ति की कामना करने वालों के लिए विशेष लाभकारी होता है।
गंगाजल (पवित्रता और शुद्धि का प्रतीक)
गंगाजल को हिंदू धर्म में अत्यंत पवित्र माना गया है। सावन में शिवलिंग पर गंगाजल अर्पण करने से सभी प्रकार की नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और जीवन में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है।
बेलपत्र (शिवजी का प्रिय पत्ता0
बेलपत्र चढ़ाना शिव पूजा का अनिवार्य अंग है। त्रिपत्रीय बेलपत्र त्रिनेत्रधारी शिव को समर्पित होता है और इसे अर्पण करने से जीवन में सौभाग्य, पुण्य और सकारात्मकता का वास होता है।
भांग और धतूरा (अद्वितीय अर्पण)
भगवान शिव को भांग और धतूरा अत्यंत प्रिय हैं। इन्हें अर्पित करने से पुराने पापों का नाश होता है और भक्त की इच्छाएं पूर्ण होती हैं। साथ ही, यह मानसिक शांति और ध्यान की शक्ति को भी बढ़ाता है।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी सामान्य धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है। HariBhoomi.com इसकी पुष्टि नहीं करता है।
अनिल कुमार
