Vastu Tips: रात में सोने से पहले जरूर करें ये काम, मिलेगा भाग्य का साथ

Vastu Tips: रात की अच्छी नींद केवल शरीर को आराम ही नहीं देती, बल्कि मानसिक शांति और अगले दिन की ऊर्जा के लिए भी जरूरी है। आधुनिक जीवनशैली में हम अकसर दिनभर की भागदौड़ के बाद बिस्तर पर तो पहुंच जाते हैं, लेकिन सोने की प्रक्रिया को गंभीरता से नहीं लेते। आयुर्वेद, वास्तु और ज्योतिष शास्त्रों में ऐसे कई छोटे-छोटे लेकिन प्रभावशाली रात्रिकालीन नियम बताए गए हैं, जो न केवल नींद को बेहतर बनाते हैं, बल्कि जीवन में सौभाग्य और सकारात्मक ऊर्जा भी बढ़ाते हैं। यहां जानें प्रसिध्द ज्योतिषाचार्य डॉक्टर मनीष गौतम जी महाराज से।
मुंह धोकर ही बिस्तर पर जाएं
रात का भोजन करने के बाद अगर आप बिना मुंह साफ किए सो जाते हैं, तो मुंह में हानिकारक बैक्टीरिया विकसित हो सकते हैं। इससे दांत और मसूड़ों से जुड़ी समस्याएं बढ़ती हैं और यह घर में अशुद्धता का प्रतीक भी माना जाता है।
हाथ-पैर धोना न भूलें
दिनभर की धूल, पसीना और थकान हमारे शरीर पर असर छोड़ते हैं। सोने से पहले हाथ-पैर धोने से न केवल शरीर हल्का लगता है, बल्कि नींद भी गहरी आती है।
बाईं करवट सोना उत्तम
आयुर्वेदिक दृष्टिकोण से बाईं करवट सोने से पाचन तंत्र मजबूत होता है और गैस या अपच जैसी समस्याओं से राहत मिलती है। यह आदत शरीर को संतुलन में रखती है।
दरवाजे की ओर पैर करके न सोएं
वास्तु शास्त्र के अनुसार सोते समय पैर दरवाजे की दिशा में होना नकारात्मकता को बढ़ा सकता है। इससे मानसिक अशांति और अनिद्रा जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
कपूर जलाना शुद्ध वातावरण का संकेत
रात को कपूर जलाने से घर में मौजूद नकारात्मक ऊर्जा का नाश होता है। इसकी सुगंध मानसिक शांति देती है और सोने से पहले वातावरण को शुद्ध करती है।
सोने से पहले करें इष्ट देव का ध्यान
दिन भर की भागदौड़ के बाद जब आप बिस्तर पर जाते हैं, तो एक पल के लिए आंखें बंद करके अपने इष्ट देव का ध्यान करें। यह अभ्यास आपको मानसिक सुकून और आंतरिक संतुलन प्रदान करता है।
हरी इलायची का सेवन करें
हरी इलायची की खुशबू न केवल मन को शांति देती है बल्कि यह पाचन तंत्र को भी सुधारती है। रात को एक इलायची खाने से नींद की गुणवत्ता बेहतर होती है।
तकिए के नीचे रखें मोरपंख और सिक्का
मान्यता है कि तकिए के नीचे मोरपंख और एक सिक्का रखने से बुरे सपने नहीं आते और नकारात्मक ऊर्जा घर में प्रवेश नहीं कर पाती। इससे सुख-शांति और समृद्धि बढ़ती है।
सिरहाने रखें हनुमान चालीसा
अगर आप रात में डरते हैं या बुरे सपनों से परेशान रहते हैं, तो अपने तकिए के नीचे हनुमान चालीसा रखें। यह उपाय बुरी शक्तियों से रक्षा करता है और मानसिक बल प्रदान करता है।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी सामान्य धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है। HariBhoomi.com इसकी पुष्टि नहीं करता है।
अनिल कुमार
