IAF ने स्थगित किया वायु शक्ति अभ्यास 2022, पीएम मोदी कार्यक्रम में होने वाले थे शामिल

भारतीय वायु सेना (Indian Air Force- IAF) ने वायु शक्ति अभ्यास 2022 (Exercise Vayu Shakti 2022) को स्थगित करने का निर्णय लिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वायु शक्ति अभ्यास 2022, 7 मार्च को राजस्थान (Rajasthan) के जैसलमेर (Jaisalmer) के पोखरण रेंज (Pokhran Range) में होने वाला था, जिसे अब स्थगित कर दिया गया है। हालांकि, अभ्यास को स्थगित करने की वजह नहीं बताई गई है।
यह ऐलान ऐसे समय किया गया है जब भारतीय वायुसेना युद्ध प्रभावित देश यूक्रेन से भारतीयों को निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सरकारी अधिकारियों ने कहा है कि वायु शक्ति अभ्यास के लिए नई तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी। इस कार्यक्रम में भारतीय वायुसेना के 148 विमानों को अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करना था। इसमें पहली बार राफेल लड़ाकू विमान भी शामिल होता। अभ्यास कार्यक्रम 7 मार्च 2022 की सुबह 10:30 बजे शुरू होना था।
पीएम मोदी भी कार्यक्रम में होते शामिल
खबरों से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कई वरिष्ठ नेताओं के अलावा वायुसेना के अधिकारी भी इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे। बीते शुक्रवार को अभ्यास की तैयारियों के लिए राजस्थान के पोखरण रेंज में फुल ड्रेस रिहर्सल का भी आयोजन किया गया था।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि हर तीन साल में भारतीय वायुसेना वायु शक्ति अभ्यास का आयोजन करती है। इससे पहले भारतीय वायुसेना की ओर से वायु शक्ति का आयोजन साल 2019 में हुआ था। 7 मार्च 2022 को होने वाले अभ्यास के लिए तैयारी की जा रही थी, लेकिन इसे बिना कारण बताए स्थगित कर दिया गया है।
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS