'बचा लीजिए': कौन हैं अल्ताफ हुसैन? PAK नेता ने PM मोदी से क्यों लगाई मदद की गुहार, जानिए

कौन हैं अल्ताफ हुसैन? PAK नेता ने PM मोदी से क्यों लगाई मदद की गुहार, जानिए
X
पाकिस्तानी नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद की गुहार लगाई है। PAK की राजनीति में लंबे समय से निर्वासन झेल रहे और मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट (MQM) के संस्थापक अल्ताफ हुसैन ने PM मोदी से कहा-भारत से आए मुहाजिरों को बचा लीजिए...।

Who is Altaf Hussain: 'पहलगाम आतंकी हमले' के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण स्थिति है। अब पहले जैसे रिश्ते नहीं हैं। बिगड़े हालातों के बीच पाकिस्तानी नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद की गुहार लगाई है। PAK की राजनीति में लंबे समय से निर्वासन झेल रहे और मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट (MQM) के संस्थापक अल्ताफ हुसैन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर PM मोदी से कहा-भारत से आए मुहाजिरों को बचा लीजिए...।

जानिए अल्ताफ हुसैन ने क्या कहा
पाकिस्तान की मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट पार्टी के नेता अल्ताफ हुसैन फिलहाल लंदन में हैं। अल्ताफ ने 26 मई को एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए PM मोदी से मुहाजिरों की मदद करने की अपील की है। अल्ताफ ने कहा-भारत से बंटवारे के बाद पाकिस्तान गए उर्दू भाषी शरणार्थी (मुहाजिरों) को पाकिस्तानी सेना और राज्य तंत्र के भेदभाव और हिंसा का शिकार बनाया जा रहा है।

अब उन्हें बचा लीजिए
PM मोदी यदि बलूचों के हक में बोल सकते हैं तो मुहाजिरों के साथ भी न्याय के लिए आवाज़ उठाएं। अल्ताफ ने कहा-मुहाजिर काफी प्रताड़ना झेल चुके हैं। अब उन्हें बचा लीजिए। अल्ताफ ने PM मोदी से अपील की है कि वे उत्पीड़न के मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मचों पर उठाएं। अल्ताफ ने बलोच लोगों का समर्थन करने के लिए PM मोदी की तारीफ की। साथ ही इसे साहसी और नैतिक रूप से सराहनीय कदम बताया।

25000 मुहाजिरों की हत्या
अल्ताफ ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने पीएम मोदी को कोई औपचारिक पत्र नहीं लिखा। 26 मई 2025 को एक सार्वजनिक लाइव संबोधन में सीधे उन्हें संबोधित किया है। अल्ताफ ने दावा किया कि पाकिस्तान में अब तक 25,000 से अधिक मुहाजिर युवाओं की हत्या की जा चुकी है, जिनमें अधिकतर को सेना की कार्रवाई में निशाना बनाया गया है। उन्हें कभी भी वैध नागरिकों के तौर पर स्वीकृति नहीं दी गई है।

जानिए कौन हैं अल्ताफ हुसैन
17 सितंबर 1953 को अल्ताफ हुसैन का जन्म कराची में हुआ था। अल्ताफ के पिता का नाम नाजिर हुसैन और माता का नाम खुर्शीद बेगम है। पिता नाजिर हुसैन यूपी के आगरा के नाई की मंडी इलाके में रहते थे। विभाजन के बाद नाजिर पाकिस्तान चले गए। नाजिर भारतीय रेलवे में अधिकारी थे। आगरा में पोस्टिंग थी।

पहले सम्मान, अब निशाने पर मुहाजिर
अल्ताफ के माता-पिता पाकिस्तान जाने को तैयार नहीं थे। जब फैमिली के अन्य लोग चले गए तो आखिर में उन्हें भी आगरा छोड़ना पड़ा। शुरू के कुछ वर्षों में पाकिस्तान में बसे मुहाजिरों को कोई परेशानी नहीं आई। कराची, लाहौर जैसे शहरों में वे बड़े पैमाने पर जाकर बसे। उन्हें खूब सम्मान मिला और नौकरियों के अवसर भी रहे। 1960 से चीजें बिगड़ती चली गईं। अब मुहाजिर निशाने पर हैं।

1986 में बनाया MQM
अल्ताफ हुसैन ने 1986 में मुहाजिर कौमी मूवमेंट (MQM) नाम का दल बनाया। उस समय अल्ताफ हुसैन का कराची में जलवा था। कहा जाता है कि उनकी इजाजत के बिना पत्ता तक नहीं हिलता था। पिछले कुछ वर्षों में अल्ताफ का ग्राफ नीचे गिर गया। 2018 के चुनाव से पहले तक उनका बहुत जोर था। अल्ताफ ने पाकिस्तान में रह रहे करोड़ों मुहाजिरों को आवाज दी है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story