Aaj Ka Mausam: UP-बिहार समेत 26 राज्यों में बारिश का अलर्ट, हिमाचल में 362 सड़कें बंद; जानें अपने यहां का मौसम

Weather Update in India
monsoon Rain alert 10 August 2025: भारत में मानसून सक्रिय है। मौसम विभाग ने रविवार, 10 अगस्त को यूपी बिहार समेत 26 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, पश्चिम बंगाल, मेघालय, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, असम और ओडिशा समेत 8 राज्यों में तेज बारिश की चेतावनी दी है। हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश से 362 सड़कें बंद हैं। यूपी में यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को यूपी, बिहार, झारखंड, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु समेत 12 राज्यों में मध्यम बारिश होगी। जबकि, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, तेलंगाना, गुजरात और लद्दाख सहित 8 राज्यों में हल्की बारिश की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश: भूस्खलन-बाढ़ से सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश के मंडी ज़िले में भारी बारिश से 220 और कुल्लू में 91 सड़कें अवरुद्ध हैं। मौसम विभाग ने बुधवार तक यहां भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कई जगह बादल फटने और बाढ़ की घटनाएं सामने आई हैं।
उत्तर प्रदेश: 26 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में तेज बारिश और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना। मौसम विभाग ने 26 जिलों में तेज और 27 जिलों में मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ जिलों में अभी नदी-नाले नाले उफान पर हैं।
हापुड़ में बिजली गिरने से बच्चे की मौत, घटना सीसीटीवी में कैद। डीएम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया, 3 फीट पानी से होकर जरूरतमंदों तक पहुंचे।
मध्य प्रदेश में IMD का येलो अलर्ट
मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिन से तेज बारिश का सिलिसला थमा हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। हालांकि, दतिया, भिंड, हरदा, बैतूल और नर्मदापुरम सहित कुछ जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले 24 घंटे में यहां तेज बारिश हो सकती है। पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इससे भारी बारिश हो सकती है।
धराली (उत्तरकाशी) में आई आपदा के दौरान कनेक्टिविटी की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण लिमचीगाड पुल बह गया था, जिसकी वजह से आवागमन पूर्ण रूप से बाधित हो गया था। इसके बाद यहाँ बेली ब्रिज बनाने के लिए युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा था।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) August 10, 2025
हमारे पुलिस दलों, एसडीआरएफ, इंजीनियरों व अन्य बचाव… pic.twitter.com/JBNNa4ZKPW
उत्तराखंड: धराली में यातायात बहाल करने बेली ब्रिज
उत्तरकाशी जिले के धराली में आई आपदा के दौरान लिमचीगाड पुल बह जाने से आवागमन बाधित है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि यहां अब बेली ब्रिज बनाकर यातायात बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। काम युद्ध स्तर पर जारी है। एसडीआरएफ, पुलिस और इंजीनियरों के अलावा अन्य बचाव दलों के अथक परिश्रम से पुल निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है।
