कटरा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू: कश्मीर की टूरिस्ट इंडस्ट्री में आएगा बूम, 3 घंटे में तय होगा 10 घंटे का सफर; जानें किराया और शेड्यूल

Katra-Srinagar Vande Bharat Train Schedule : कश्मीर की वादियों में घूमना अब रेल यात्रा से आसान और तेज हो गया है। शनिवार (9 जून) सुबह कटरा से श्रीनगर तक पहली वंदे भारत एक्सप्रेस रवाना हुई। जिससे 10 घंटे का सफर अब सिर्फ 3 घंटे में पूरा होगा। यह ट्रेन सुबह 8:10 बजे कटरा से चलकर 11:10 बजे श्रीनगर पहुंचेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ऐतिहासिक ट्रेन सेवा का शुभारंभ शुक्रवार को चिनाब आर्च ब्रिज और अंजी केबल स्टे ब्रिज के उद्घाटन के साथ किया था। इससे आम यात्रियों को समय की बचत होगी, आर्थिक बोझ कम होगा और बर्फबारी के दौरान संपर्क टूटा रहने की समस्या का समाधान भी मिलेगा। ट्रेन हफ्ते में 6 दिन चलेगी और फिलहाल केवल बनिहाल में रुकेगी।
कटरा से श्रीनगर के बीच फिलहाल 2 वंदेभारत ट्रेन
- कटरा से श्रीनगर के बीच फिलहाल, दो वंदेभारत ट्रेन चलाई जा रही हैं। पहली ट्रेन (26401/26402) कटरा से सुबह 8:10 रवाना होगी और श्रीनगर स्टेशन सुबह 11:10 बजे पहुंचेगी। दोपहर 2 बजे श्रीनगर से इसकी वापसी होगी और शाम 5.05 बजे कटरा स्टेशन पहुंचेगी। मंगलवार को यह नहीं चलेगी।
- कटरा से श्रीनगर के बीच दूसरी वंदेभारत ट्रेन (26403/26404) कटरा स्टेशन से दोपहर 2:55 बजे रवाना होगी और शाम 6 बजे श्रीनगर पहुंचेगी। अगली सुबह 8 बजे यह श्रीनगर स्टेशन से वापस लौटेगी और सुबह 11:05 बजे कटरा स्टेशन पहुंचेगी। यह ट्रेन बुधवार को नहीं चलेगी। इन ट्रेनों में चेयर कार का किरया ₹715 और एक्जीक्यूटिव क्लास का ₹1320 निर्धारित किया गया है।
कटरा से श्रीनगर ट्रेन में टिकट दरें
- चेयर कार: ₹715
- एक्जीक्यूटिव क्लास: ₹1320
कटरा-श्रीनगर वंदेभारत ट्रेन शेड्यूल
ट्रेन संख्या | कटरा स्टेशन | श्रीनगर स्टेशन | नहीं चलेगी |
26401 | सुबह 8:10 रवाना | सुबह 11:10 पहुंचेगी | मंगलवार |
26402 | शाम 5:05 पहुंचेगी | दोपहर 2 बजे रवाना होगी | मंगलवार |
26403 26404 | दोपहर 2:55 बजे रवाना सुबह 11:05 बजे पहुंचेगी | शाम 6 बजे पहुंचेगी सुबह 8 बजे रवाना होगी | बुधवार |
नई दिल्ली से श्रीनगर तक चलेगी वंदेभारत ट्रेन
भारतीय रेलवे अगस्त-सितंबर तक नई दिल्ली से श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन सेवा शुरू ब्रिज शुरू करने की योजना बना रहा है। सुरक्षा जांच के कारण कटरा स्टेशन पर ट्रेन बदलनी होगी। कटरा-श्रीनगर रूट पर बनाए गए रेलवे ब्रिज सेमी हाईस्पीड ट्रेन संचालन के लिए उपयुक्त हैं। लिहाजा, भविष्य में ट्रेनों की गति बढ़ाने की भी योजना है।
कटरा-श्रीनगर वंदेभारत के फायदे
- टूरिज्म को मिलेगा नया बूस्ट
- सेब, चेरी जैसे फलों की सप्लाई होगी तेज
- सेना के लिए हथियार, राशन पहुंचाना आसान
- कठिन मौसम में भी बना रहेगा रेल संपर्क
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल संजय कुलकर्णी ने बताया कि यह रेलवे लिंक कश्मीर की सामरिक स्थिति को मज़बूत करेगा और सीमावर्ती क्षेत्रों तक लॉजिस्टिक्स पहुंचाना अब पहले से ज्यादा सरल और तेज होगा।
