Breaking News 11 July 2025: Delhi-NCR में फिर लगे भूकंप के झटके, ओडिशा में ड्राइवरों की हड़ताल से यात्री परेशान; बंगाल में TMC नेता की हत्या

देश-दुनिया की गुरुवार (11 जुलाई) की ताजा खबरें।
Today's Breaking News 11 July : बिहार में वोटर लिस्ट विशेष पुनरीक्षण (SIR) में प्रूफ के रूप में आधार कार्ड, वोटर आईडी और राशन कार्ड भी शामिल करने के लिए कहा है। भारतीय एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला 14 जुलाई को धरती पर लौटेंगे। शुभांशु समेत चार क्रू सदस्य एक्सियम-4 मिशन के तहत इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) गए हैं। ओडिशा में ड्राइवर महासंघ की राज्यव्यापी हड़ताल से परिवहन सेवाएं बाधित हैं। बंगाल में टीएमसी नेता रज्जाक खान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसी तरह देश-दुनिया की शुक्रवार (11 जुलाई) की ताजा खबरों के लिए हमारे लाइव ब्लॉग पर विजिट करें। यहां आपको संक्षेप में लेटेस्ट ब्रेकिंग न्यूज़ मिलेंगी।
Today's Breaking News 11 July 2025: पढ़ें Live अपडेट्स
Live Updates
- 11 July 2025 8:33 PM
दिल्ली में फिर भूकंप के झटके
दिल्ली में शुक्रवार (11 जुलाई) को शाम 7:49 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 3.7 मापी गई। भूकंप की गहराई 10 किलोमीटर रही और केंद्र हरियाणा के झज्जर था।
यह दिल्ली-एनसीआर में दो दिन में दूसरी बार था जब भूकंप आया। इससे पहले गुरुवार, 10 जुलाई की सुबह 9 बजकर 4 मिनट पर भूकंप के झटके आए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.4 मापी गई थी। इसका भी केंद्र झज्जर ही था।
- 11 July 2025 4:16 PM
महाराष्ट्र: लोनावला मालगाड़ी बेपटरी, ट्रेनें थमीं
महाराष्ट्र: मुंबई के लोनावला इलाके में ट्रेन यातायात प्रभावित है। मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि लोनावला और कर्जत के बीच घाट सेक्शन में मंकी हिल स्टेशन के पास मालगाड़ी पटरी से उतर गई है। इसके कारण लंबी दूरी की ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। मरम्मत का काम जारी है। लोकल ट्रेनें पूरी तरह से अप्रभावित हैं।
- 11 July 2025 3:34 PM
महाराष्ट्र विशेष जन सुरक्षा विधेयक पारित, विपक्ष ने उठाए सवाल
मुंबई | विधानसभा में पारित महाराष्ट्र विशेष जन सुरक्षा विधेयक 2024 पर विपक्ष ने सवाल उठाए हैं। शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे ने पूछा- क्या ये सचमुच में जन सुरक्षा बिल है? या फिर बीजेपी की सुरक्षा बिल है। आज तक हमें नक्सलवादियों और आतंकवादियों से लड़ने में जो सफलताएं मिली हैं, वो कौन से बिल के तहत मिली है? क्या उन्हें कोई रोक राह है। आप कौन-सी सुरक्षा की बात कर रहे हैं।
- 11 July 2025 3:32 PM
वडोदरा: घायलों से मिले स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने
गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने वडोदरा में गंभीरा पुल दुर्घटना में घायल हुए लोगों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। मंत्री ने उनके परिवारों से भी मुलाकात की। अस्पताल प्रशासन को घायलों को सर्वोत्तम संभव उपचार प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं।
- 11 July 2025 3:31 PM
शिवसेना MLA संजय गायकवाड़ के खिलफ FIR
महाराष्ट्र: मुंबई की मरीन ड्राइव पुलिस ने शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ के खिलाफ एफआईआर की तैयारी में है। पिछले दिनों भोजन की गुणवत्ता को लेकर उन्होंने आकाशवाणी के कैंटीन कर्मचारी को थप्पड़ मारा था। वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री ने घटना पर ऐतराज जताया था। जिसके बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की।
- 11 July 2025 12:41 PM
राहुल गांधी की रैली, मल्लिकार्जुन संग ओडिशा पहुंचे
ओडिशा: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी सांसद-लोकसभा नेता राहुल गांधी ओडिशा पहुँचे। दोनों नेता आज यहाँ जनसभा समेत कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
- 11 July 2025 11:10 AM
इंदिरा पॉइंट के पास संकट में फंसी अमेरिकी नौका, दो चालक दल को बचाया
नई दिल्ली। भारतीय तटरक्षक बल ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में इंदिरा पॉइंट के दक्षिण-पूर्व में अशांत जल में फंसे एक अमेरिकी नौका और उसके दो चालक दल के सदस्यों को बचाया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) के एमआरसीसी (समुद्री बचाव समन्वय केंद्र) पोर्ट ब्लेयर को 10 जुलाई को सुबह 11:57 बजे चेन्नई स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास से एक संकटकालीन अलर्ट प्राप्त हुआ, इसमें दो चालक दल के सदस्यों - एक अमेरिकी और एक तुर्की - के साथ इंदिरा पॉइंट से 52 समुद्री मील दक्षिण-पूर्व में फंसे होने की सूचना थी। आईसीजी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अत्यंत कठिन परिस्थितियों के कारण पाल फटने और प्रोपेलर उलझने के कारण नौका निष्क्रिय हो गई थी।
- 11 July 2025 11:08 AM
अमरनाथ यात्रा: 6,400 से ज़्यादा तीर्थयात्रियों का 10वां जत्था जम्मू से रवाना
जम्मू: अमरनाथ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं का 10वां जत्था शुक्रवार सुबह जम्मू से रवाना किया गया। अधिकारियों ने बताया, 6,400 से ज़्यादा तीर्थयात्री बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के साथ अमरनाथ गुफा मंदिर के दो आधार शिविरों के लिए रवाना किए गए हैं। 3 जुलाई को अनंतनाग ज़िले के पहलगाम और गंदेरबल ज़िले के बालटाल के दो मार्गों से 38 दिनों की वार्षिक यात्रा शुरू होने के बाद से 1.30 लाख से ज़्यादा तीर्थयात्री इस मंदिर में दर्शन कर चुके हैं। सीआरपीएफ और पुलिस कर्मियों के संरक्षण में, 4,838 पुरुषों, 1,387 महिलाओं, 16 बच्चों और 241 साधुओं सहित 6,482 तीर्थयात्रियों का 10वां जत्था 268 वाहनों में सुबह 3:20 बजे से 4:04 बजे के बीच भगवती नगर शिविर से रवाना हुआ।
- 11 July 2025 11:05 AM
दिल्ली के बाड़ा हिंदू राव इलाके में तीन मंजिला इमारत ढही, 1 की मौत
नई दिल्ली: दिल्ली के बाड़ा हिंदू राव इलाके में शुक्रवार (11 जुलाई) तड़के तीन मंजिला इमारत ढहने से 46 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। अग्निशमन सेवा के अधिकारी ने बताया कि मृतक मनोज शर्मा का शव मलबे से बरामद किया गया है। कई दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
- 11 July 2025 11:02 AM
हिट-एंड-रन केस: नवी मुंबई में युवक की मौत, 8 घायल
ठाणे। नवी मुंबई में तेज़ रफ़्तार कार ने बाइक सवारों के समूह को टक्कर मार दी। हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जबकि, आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना बुधवार तड़के खारघर इलाके में हीरानंदानी पुल पर हुई। मुंबई के धारावी इलाके से दोस्तों का ग्रुप दोपहिया वाहनों से लोनावाला जा रहा था, तभी तेज़ रफ़्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
