बर्फीली हवाओं का टॉर्चर: उत्तर भारत में 'जीरो डिग्री' वाली सर्दी, पहाड़ों पर हिमपात और मैदानों में रेड अलर्ट

देश की राजधानी दिल्ली ठंड के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।
नई दिल्ली : पूरा उत्तर भारत इस समय कुदरत के दोहरे वार से कराह रहा है। एक तरफ पहाड़ी राज्यों में आसमानी आफत बनकर बर्फ गिर रही है, तो दूसरी तरफ दिल्ली-NCR सहित मैदानी राज्य कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चादर में लिपटे हुए हैं।
मौसम विभाग ने देश के 17 जिलों में भीषण शीतलहर की चेतावनी जारी की है। राजस्थान और हरियाणा में पारा जमाव बिंदु (0.4°C से 0.6°C) तक पहुँच गया है, जबकि दिल्ली में पिछले तीन सालों का रिकॉर्ड टूट गया है।
आने वाले सप्ताह में तीन राज्यों में भारी बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान में और बड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
दिल्ली-NCR में रिकॉर्ड तोड़ ठंड और कोहरे का डबल अटैक
देश की राजधानी दिल्ली ठंड के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। सफदरजंग मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम है।
हालांकि, दिल्ली के कुछ हिस्सों में पारा गिरकर 2 डिग्री सेल्सियस तक भी पहुँच गया है। पिछले दो दिनों से यहा 15 से 17 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही बर्फीली हवाओं ने कनकनी बढ़ा दी है।
प्रशासन ने यहा ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राहत की बात केवल इतनी है कि सुबह 9 बजे के बाद धूप निकलने से दिन में थोड़ी राहत मिलती है, लेकिन रात होते ही स्थिति गंभीर हो जाती है। 14 जनवरी के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश में शीतलहर का कहर और रेड-ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी
उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में भीषण शीतलहर ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। देवरिया, प्रयागराज, अयोध्या, कानपुर, लखनऊ, रायबरेली, आजमगढ़, मैनपुरी, आगरा, मथुरा, मुजफ्फरनगर और गौतमबुद्ध नगर जैसे जिलों में तेज रफ्तार बर्फीली हवाएं चल रही हैं।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट है, जबकि अन्य क्षेत्रों में येलो अलर्ट लागू किया गया है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 17°C और न्यूनतम 8°C रहने का अनुमान है।
घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी शून्य के करीब पहुंच गई है, जिससे प्रशासन ने बुजुर्गों, बच्चों को घर में रहने और वाहन चालकों को फॉग लाइट का उपयोग करने की सख्त हिदायत दी है।
राजस्थान और पंजाब-हरियाणा में हाड़ कंपा देने वाला तापमान
राजस्थान में सर्दी का सितम इस कदर है कि कई जगह तापमान जमाव बिंदु के नीचे चला गया है। फतेहपुर में पारा -0.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अन्य शहरों में लूनकरणसर में 0.4°C, चूरू में 1.3°C, श्रीगंगानगर में 1.4°C, करौली व पिलानी में 1.5°C और जैसलमेर में 2.5°C तापमान रहा।
वहीं, हरियाणा के गुरुग्राम और पंजाब के बठिंडा में भी पारा 0.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। हरियाणा का नारनौल 1.2 डिग्री सेल्सियस के साथ जम गया है। इन क्षेत्रों में पाला पड़ने की संभावना है, जिससे फसलों को भी नुकसान पहुँच सकता है।
हिमालयी राज्यों में हिमपात और बारिश का हाई अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर भारत के तीन राज्यों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के लिए भारी चेतावनी जारी की है। श्रीनगर में 18 जनवरी को बारिश का अलर्ट है, जहा 15 से 20 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
हिमाचल के मनाली में गुरुवार को भारी बर्फबारी और बारिश की संभावना है, जिससे तापमान -12 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। लद्दाख में शुक्रवार से रविवार तक बर्फ की बारिश होने की पूरी संभावना है, यहा पारा -11 डिग्री तक गिर सकता है।
स्काईमेट वेदर के अनुसार, 15 जनवरी को सक्रिय होने वाला नया 'पश्चिमी विक्षोभ' इस स्थिति को और गंभीर बना देगा।
देश के प्रमुख शहरों के तापमान की विस्तृत स्थिति
13 जनवरी 2026 के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, देश के विभिन्न शहरों का तापमान इस प्रकार है। दिल्ली और लखनऊ में अधिकतम 17°C, जबकि मनाली में यह महज 02°C है। पटना में 16/09°C, भोपाल में 24/11°C और जयपुर में 21/09°C तापमान दर्ज किया गया है। दक्षिण और पश्चिम भारत में स्थिति थोड़ी सामान्य है; मुंबई में 29/24°C, चेन्नई में 28/23°C और कोलकाता में 22/12°C तापमान रहने का अनुमान है। उत्तराखंड के नैनीताल में न्यूनतम तापमान 04°C रिकॉर्ड किया गया है।
