PM Modi Maharashtra Visit: पीएम मोदी का 2 दिवसीय महाराष्ट्र दौरा, 19650 करोड़ के एयरपोर्ट का करेंगे उद्घाटन

8-9 अक्टूबर को महाराष्ट्र दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी।
PM Modi Maharashtra Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8-9 अक्टूबर को महाराष्ट्र के दौरे पर रहेंगे। इस दो दिवसीय दौरे पर पीएम मोदी महाराष्ट्र में कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री ऑफिस के अनुसार, पीएम मोदी 8 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे नवी मुंबई पहुंचेंगे। वहां पर नवनिर्मित इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वह 3:30 बजे नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा मुंबई मेट्रो लाइन-4 के अंतिम चरण का उद्घाटन करेंगे।
9 अक्टूबर को सुबह लगभग 10 बजे पीएम मोदी भारत-ब्रिटेन रणनीतिक साझेदारी को मजबूती देने के लिए ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से भी मुंबई में मुलाकात करेंगे। इसके बाद दोपहर लगभग 1:40 बजे दोनों देशों के प्रधानमंत्री मुंबई में जियो वर्ल्ड सेंटर में सीईओ फोरम में भाग लेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 2:45 बजे दोनों देशों के प्रधानमंत्री ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2025 में शामिल होंगे।
नवी मुंबई एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे पीएम
प्रधानमंत्री मोदी भारत को ग्लोबल एविएशन हब बनाने के अपने विजन के तहत नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे। यह एयरपोर्ट लगभग 19,650 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजना है। इसे पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) के तहत विकसित किया गया है। यह एयरपोर्ट मुंबई महानगर क्षेत्र के दूसरे हवाई अड्डे के रूप में छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ मिलकर सेवाएं देगा। इससे भीड़भाड़ को कंट्रोल किया जा सकेगा।
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट 1,160 हेक्टेयर एरिया में फैला हुआ है, जिसे दुनिया के सबसे कुशल हवाई अड्डों की तरह डिजाइन किया गया है। यह एयरपोर्ट हर साल 90 मिलियन यानी 9 करोड़ यात्रियों और 3.25 मिलियन मीट्रिक टन कार्गो को संभालने में सक्षम होगा। इसके अलावा यह देश का पहला ऐसा एयरपोर्ट होगा, जो वॉटर टैक्सी सेवा से कनेक्ट होगा। साथ ही यहां पर सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (एसएफए) भंडारण, 47 मेगावॉट सोलर पावर जनरेशन और ईवी बस कनेक्टिविटी जैसी सेवाएं उपलब्ध होंगी।
मुंबई मेट्रो लाइन-3 का होगा उद्घाटन
पीएम मोदी आचार्य अत्रे चौक से कफ परेड तक फैली मुंबई मेट्रो लाइन-3 के चरण 2बी का उद्घाटन करेंगे। यह मेट्रो लाइन 12,200 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की गई है। इसके साथ ही पीएम मोदी 37,270 करोड़ रुपये की लागत से बनी 33.5 किमी लंबी मुंबई मेट्रो लाइन-3 (एक्वा लाइन) राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
यह मुंबई की पहली और पूरी तरह से अंडरग्राउंड मेट्रो लाइन है, जो कफ परेड से आरे जेवीएलआर तक फैली है। इसमें कुल 27 स्टेशन शामिल हैं। यह मेट्रो लाइन हर दिन लगभग 13 लाख यात्रियों को सेवा देगी। इसके जरिए साउथ मुंबई के फोर्ट, काला घोड़ा, मरीन ड्राइव, आरबीआई, बीएसई और नरिमन पॉइंट जैसे एरिया से कनेक्टिविटी होगी।
मुंबई वन ऐप भी होगा लॉन्च
महाराष्ट्र दौरे के दौरान पीएम मोदी मेट्रो, मोनोरेल, उपनगरीय रेलवे और बस पीटीओ के 11 पब्लिक ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों (पीटीओ) के लिए एकीकृत कॉमन मोबिलिटी ऐप 'मुंबई वन' भी लॉन्च करेंगे। इनमें मुंबई मेट्रो लाइन 2ए और 7, मुंबई मेट्रो लाइन 3, मुंबई मेट्रो लाइन 1, मुंबई मोनोरेल, नवी मुंबई मेट्रो, मुंबई उपनगरीय रेलवे, बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति और परिवहन (बेस्ट), ठाणे नगर परिवहन, मीरा भयंदर नगर परिवहन, कल्याण डोंबिवली नगर परिवहन और नवी मुंबई नगर परिवहन शामिल हैं।
'मुंबई वन' ऐप के जरिए यात्रियों को कई तरह से फायदा होगा। इनमें कई सार्वजनिक परिवहन ऑपरेटरों के लिए एकीकृत मोबाइल टिकटिंग, डिजिटल लेनदेन से कतारों से छुटकारा और कई परिवहन साधनों वाली यात्राओं के लिए एक ही डायनामिक टिकट शामिल है। इससे मुंबई में पब्लिक ट्रांसपोर्ट का अनुभव बेहतर होगा।
एसटीईपी का भी होगा शुभारंभ
पीएम मोदी महाराष्ट्र सरकार के 'शॉर्ट-टर्म एम्प्लॉयबिलिटी प्रोग्राम' का शुभारंभ भी करेंगे। यह कार्यक्रम 400 सरकारी आईटीआई और 150 तकनीकी हाई स्कूलों में शुरू किया जाएगा। इस योजना के तहत 2,500 नए प्रशिक्षण बैच स्थापित किए जाएंगे, जिनमें 364 विशेष बैच महिलाओं के लिए होंगे। इसके अलावा कोर्स में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, सोलर टेक्नोलॉजी और एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग जैसी आधुनिक तकनीक शामिल होंगी।
ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2025
पीएम मोदी के निमंत्रण पर यूके के प्रधानमंत्री सर कीर स्टार्मर 8-9 अक्टूबर को भारत का दौरा करेंगे। यह पीएम सर कीर स्टार्मर की भारत में पहली आधिकारिक यात्रा होगी। दोनों देशों के पीएम 'विजन 2035' रोडमैप के तहत भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति का जायजा लेंगे। 9 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री स्टार्मर मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में होने वाले 6वें ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2025 में हिस्सा लेंगे और मुख्य भाषण देंगे।
ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के इस साल के आयोजन में 75 से ज्यादा देशों के 1 लाख से अधिक प्रतिभागियों के भाग लेने की संभावना है। इससे यह दुनिया के सबसे बड़े फिनटेक सम्मेलनों में से एक बन जाएगा। इस आयोजन में लगभग 7,500 कंपनियां, 800 वक्ता, 400 प्रदर्शक और भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय क्षेत्राधिकारों का प्रतिनिधित्व करने वाले 70 नियामक भाग लेंगे।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।
