PM मोदी को ओमान का सर्वोच्च सम्मान: सुल्तान हैथम ने ‘Order of Oman' से नवाजा, ये उनका 29वां अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड; देखें फुल लिस्ट

PM Modi receives Order of Oman award
X

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ओमान का सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिला। यह उनका 29वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ओमान का सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिला। यह उनका 29वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है, जो भारत-ओमान रिश्तों की मजबूती दर्शाता है। मोदी को 2025 में 10 देशों सम्मानित किया। देखिए लिस्ट।

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गुरुवार, 18 दिसंबर को ओमान की राजधानी मस्कट में सम्मानित किया गया। सुल्तान हैथम बिन तारिक ने PM मोदी को ओमान के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'द फर्स्ट क्लास ऑफ द ऑर्डर ऑफ ओमान' से नवाजा।

PM मोदी को यह सम्मान भारत-ओमान संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान की मान्यता में प्रदान किया गया। इससे पहले यह प्रतिष्ठित पुरस्कार क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय, जापान के सम्राट अकिहितो, नेल्सन मंडेला और जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला जैसे विश्व प्रसिद्ध नेताओं को मिल चुका है।

यह पीएम मोदी का 29वां अंतरराष्ट्रीय सर्वोच्च नागरिक सम्मान है, जो उन्हें भारत के किसी भी प्रधानमंत्री से अधिक विदेशी सम्मानों वाला नेता बनाता है। उनकी वैश्विक कूटनीति और भारत की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय पहचान का यह प्रमाण है।



वर्ष 2025 में पीएम मोदी को कई देशों से सर्वोच्च सम्मान प्राप्त हुए हैं, जो भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों की गहराई को दर्शाते हैं-

  1. नामीबिया: जुलाई में राष्ट्रपति डॉ. नेटुम्बो नंदी-नदैतवा ने 'ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एंशिएंट वेल्विचिया मिराबिलिस' प्रदान किया, जो नामीबिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है।
  2. ब्राजील: 7 जुलाई को राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा ने 'ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस' से सम्मानित किया।
  3. त्रिनिदाद और टोबैगो: 4 जुलाई को राष्ट्रपति क्रिस्टीन कार्ला कंगालू ने 'द ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो' दिया, जो पहली बार किसी विदेशी नेता को मिला।
  4. घाना: 2 जुलाई को 'ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना' से नवाजा गया।
  5. साइप्रस: 16 जून को राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स ने 'ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III' प्रदान किया।
  6. श्रीलंका: 5 अप्रैल को राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका ने 'श्रीलंका मित्र विभूषण' से सम्मानित किया, जो विदेशी नेताओं के लिए देश का सर्वोच्च सम्मान है और पहली बार किसी भारतीय को मिला।
  7. मॉरीशस: 12 मार्च को 'ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन (जीसीएसके)' से नवाजा गया, जो पहली बार किसी भारतीय नेता को दिया गया।
  8. बारबाडोस: नवंबर 2024 में प्रधानमंत्री मिया अमोर मोटली ने 'ऑनरेरी ऑर्डर ऑफ फ्रीडम ऑफ बारबाडोस' की घोषणा की, जिसे मार्च 2025 में केंद्रीय मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने पीएम मोदी की ओर से ग्रहण किया।
  9. इथियोपिया: 16 दिसंबर 2025 को 'द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया' से सम्मानित किया गया, जो किसी वैश्विक नेता को पहली बार मिला।
  10. ओमान: 18 दिसंबर 2025 को 'द फर्स्ट क्लास ऑफ द ऑर्डर ऑफ ओमान' प्रदान किया गया।

ये सम्मान पीएम मोदी की वैश्विक नेतृत्व क्षमता, भारत की कूटनीतिक सफलताओं और विभिन्न देशों के साथ मजबूत संबंधों का प्रतीक हैं। इनके माध्यम से भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि और मजबूत हुई है।

भारत-ओमान के बीच ऐतिहासिक CEPA समझौता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओमान यात्रा के दौरान भारत और ओमान ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाई प्रदान करेगा।

समझौते पर भारत की ओर से वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और ओमान की ओर से वाणिज्य, उद्योग एवं निवेश संवर्धन मंत्री कैस बिन मोहम्मद अल यूसुफ ने मस्कट में हस्ताक्षर किए, जिसमें पीएम मोदी और सुल्तान हैथम बिन तारिक की उपस्थिति रही।

इस समझौते से भारतीय निर्यातकों को बड़ा लाभ मिलेगा, क्योंकि ओमान ने अपनी 98 प्रतिशत से अधिक टैरिफ लाइनों पर शून्य शुल्क की सुविधा प्रदान की है, जो भारत के 99 प्रतिशत से ज्यादा निर्यात को कवर करती है।

विशेष रूप से टेक्सटाइल, जेम्स एंड ज्वैलरी, फुटवियर, ऑटोमोबाइल, ऑटो कंपोनेंट्स, रिन्यूएबल एनर्जी, इंजीनियरिंग प्रोडक्ट्स, फार्मास्यूटिकल्स और कृषि उत्पादों जैसे क्षेत्रों को सीधा फायदा होगा। बातचीत नवंबर 2023 में शुरू हुई थी और अब यह समझौता दोनों देशों के व्यापार, निवेश और सेवाओं में नए अवसर खोलेगा।

पीएम मोदी ने कहा कि यह CEPA 21वीं सदी में दोनों देशों की साझेदारी को नया भरोसा और नई ऊर्जा देगा। यह हमारे साझा भविष्य का खाका है, जो व्यापार को बढ़ावा देगा, निवेश में आत्मविश्वास पैदा करेगा और हर क्षेत्र में नए दरवाजे खोलेगा।

मस्कट में बिजनेस समिट को पीएम मोदी ने किया संबोधित

मस्कट में आयोजित भारत-ओमान बिजनेस समिट में प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के मजबूत संबंधों की प्रशंसा की। उन्होंने ओमानी कंपनियों और स्टार्टअप्स से भारत में निवेश करने तथा नए प्रयोगों के लिए आमंत्रित किया।

मोदी ने कहा, "आज हम एक ऐसा ऐतिहासिक फैसला ले रहे हैं, जिसकी गूंज आने वाले कई दशकों तक गूंजेगी। यह समझौता हमारे संबंधों को नई दिशा, नई गति और नई ऊंचाई देगा।"

पीएम ने जोर देते हुए कहा कि मौसम कितने भी बदल जाएं, भारत और ओमान की दोस्ती नहीं बदलेगी। यह साझेदारी सदियों पुरानी है और अब भविष्य के लिए तैयार हो रही है।

प्रवासी भारतीयों को संबोधन

ओमान की राजधानी मस्कट में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रवासी जहां भी जाते हैं, वहां की विविधता को समृद्ध करते हैं और दोनों देशों के बीच मजबूत सेतु का काम करते हैं।

पीएम मोदी बुधवार शाम मस्कट पहुंचे थे, जहां ओमान के उप प्रधानमंत्री सैयद शिहाब बिन तारिक अल सईद ने एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं ने औपचारिक बातचीत की और रात्रि भोज का आयोजन भी हुआ।

यह यात्रा दोनों देशों के 70 वर्षों के कूटनीतिक संबंधों को और मजबूत करने वाली साबित हुई है। CEPA से द्विपक्षीय व्यापार, जो वर्तमान में 10.5 अरब डॉलर के आसपास है, में उल्लेखनीय वृद्धि की उम्मीद है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story