PM मोदी का संबोधन: बोले- 'हमारे यहां अध्यक्ष बदलते हैं, आदर्श नहीं, नेतृत्व बदलता है दिशा नहीं; अब नितिन नबीन मेरे बॉस हैं'

भारतीय जनता पार्टी संगठन पर्व के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BJP के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को बधाई दी।
Nitin Nabin BJP President: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को हार्दिक बधाई दी है। बीजेपी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के अध्यक्ष चुने जाने पर नितिन नबीन को दिल से बधाई।
उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह लोकतांत्रिक बताते हुए कहा कि पार्टी की सबसे छोटी इकाई से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक चुनाव शत-प्रतिशत पारदर्शी और संविधान की भावना के अनुरूप संपन्न हुआ। आज इस प्रक्रिया का औपचारिक समापन हो गया है, जो बीजेपी की मजबूत संगठनात्मक परंपरा को दर्शाता है।
पार्टी की वैचारिक विरासत और नेतृत्व परंपरा
पीएम मोदी ने पार्टी के इतिहास और नेतृत्व परंपरा की सराहना की। उन्होंने याद दिलाया कि बीजेपी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती, अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जन्म जयंती और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष जैसे महापर्व मनाए हैं। ये अवसर कार्यकर्ताओं के संकल्प को और मजबूत करते हैं। पार्टी का नेतृत्व हमेशा अनुभव, परंपरा और जनसेवा-राष्ट्रसेवा की भावना से आगे बढ़ता रहा है।
संगठन विस्तार से सत्ता तक का सफर
अटल जी, लालकृष्ण आडवाणी जी और मुरली मनोहर जोशी जी के नेतृत्व में बीजेपी ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया। बाद में एम. वेंकैया नायडू, नितिन गडकरी जैसे नेताओं ने संगठन का विस्तार किया। राजनाथ सिंह के नेतृत्व में बीजेपी ने पहली बार अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल किया। अमित शाह के समय में कई राज्यों में सरकारें बनीं और केंद्र में लगातार दूसरी बार सत्ता प्राप्त हुई। जेपी नड्डा के नेतृत्व में पार्टी पंचायत से संसद तक हर स्तर पर मजबूत हुई है।
नितिन नबीन मेरे बॉस हैं - पीएम मोदी
नितिन नबीन को पार्टी का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष बताते हुए पीएम मोदी ने मंच से ऐलान किया, "नितिन नबीन जी मेरे बॉस हैं, मैं उनका कार्यकर्ता हूं।" उन्होंने स्पष्ट किया कि अब नितिन नबीन सिर्फ बीजेपी के अध्यक्ष नहीं, बल्कि पूरे एनडीए के समन्वय की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। पीएम ने कहा कि उनके लिए प्रधानमंत्री पद, मुख्यमंत्री का अनुभव या 25 साल से अधिक समय तक सरकार चलाना महत्वपूर्ण है, लेकिन सबसे बड़ा गर्व यह है कि वे बीजेपी के एक साधारण कार्यकर्ता हैं।
#WATCH | At BJP headquarters in Delhi, PM Modi says, "When it is about the party, Nitin Nabin is the boss, and I am a party worker..." pic.twitter.com/h3OFajNeJY
— ANI (@ANI) January 20, 2026
यहां पद बदलते हैं, आदर्श नहीं; नेतृत्व बदलता है, दिशा नहीं
पीएम मोदी ने नितिन नबीन की खासियतें गिनाईं। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन मिलेनियल पीढ़ी से हैं, जिन्होंने रेडियो से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक के बदलाव देखे हैं। उनमें युवा ऊर्जा के साथ अपार संगठनात्मक अनुभव है। जनसंघ के 75 वर्ष पूरे होने पर पीएम ने सभी कार्यकर्ताओं के समर्पण को नमन किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि बीजेपी एक संस्कार, एक परिवार है जहां सदस्यता से ज्यादा रिश्ते मायने रखते हैं। यहां पद बदलते हैं, लेकिन आदर्श नहीं बदलते; नेतृत्व बदलता है, लेकिन दिशा नहीं।
चुनावी सफलता और बढ़ता जनविश्वास
पीएम ने पार्टी की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। पिछले 11 वर्षों में बीजेपी ने जनविश्वास अर्जित करने की अद्भुत यात्रा तय की है। हरियाणा, असम, त्रिपुरा और ओडिशा में पहली बार सरकार बनाई। पश्चिम बंगाल और तेलंगाना में बीजेपी जनता की मजबूत आवाज बनी।
हाल के विधानसभा और स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी की स्ट्राइक रेट शानदार रही। छह राज्यों में हुए चुनावों में से चार में बीजेपी-एनडीए ने जीत हासिल की। महाराष्ट्र में स्थानीय निकायों में बीजेपी नंबर वन पार्टी बनी, जहां 29 में से 25 बड़े शहरों में जनता ने बीजेपी-एनडीए को चुना और पार्षदों में 50 प्रतिशत से अधिक बीजेपी के हैं। केरल में भी पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया, तिरुवनंतपुरम में 45 साल बाद लेफ्ट से मेयर पद छीना।
#WATCH | Delhi: Prime Minister Narendra Modi says, "...Nitin Nabin ji will carry forward the legacy of the BJP. To put it in the language of today's youth, Nitin ji himself is, in a way, a millennial."
— ANI (@ANI) January 20, 2026
"The next 25 years are very important. This is the period when a developed… pic.twitter.com/meyIulHjlq
विकसित भारत के अगले 25 साल और नितिन नबीन की भूमिका
पीएम मोदी ने कहा कि 21वीं सदी के पहले 25 साल पूरे हो चुके हैं और अगले 25 साल विकसित भारत के निर्माण के लिए निर्णायक हैं। इस महत्वपूर्ण दौर की शुरुआत में नितिन नबीन पार्टी की विरासत को आगे बढ़ाएंगे। जनता की सेवा को सर्वोपरि रखते हुए बीजेपी ने सत्ता को सुख का नहीं, सेवा का माध्यम बनाया है, जिससे जनता का भरोसा लगातार बढ़ता जा रहा है।
