1 घंटे 35 मिनट का भाषण: 'सिख MP को 'गद्दार' कहना पूरे समुदाय का अपमान', राज्यसभा में PM मोदी का कांग्रेस पर हमला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राज्यसभा में कांग्रेस पर सिख समुदाय का अपमान करने का आरोप लगाया।
PM Modi Rajya Sabha Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राज्यसभा में कांग्रेस पर कड़ा हमला करते हुए आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर सिख समुदाय के प्रति नफरत भरी सोच मौजूद है। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को 'गद्दार' कहे जाने की घटना को बेहद गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
पीएम मोदी ने कहा कि यह टिप्पणी सिर्फ एक सांसद पर नहीं, बल्कि पूरे सिख समुदाय और उनके गुरुओं का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जानबूझकर एक सिख सांसद को निशाना बनाया, जबकि पार्टी छोड़ने वाले अन्य नेताओं के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया गया।
राहुल-बिट्टू विवाद क्या है?
बुधवार को संसद परिसर के बाहर उस वक्त तनाव बढ़ गया, जब राहुल गांधी और रवनीत सिंह बिट्टू के बीच तीखी बहस हो गई। गांधी, सस्पेंड कांग्रेस सांसदों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे थे, जबकि बिट्टू सदन में प्रवेश कर रहे थे। इसी दौरान राहुल गांधी ने बिट्टू को “गद्दार” कहा, जिस पर BJP नेता ने पलटवार किया।
PM मोदी का पलटवार
राज्यसभा में बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “कांग्रेस के युवराज का यह घमंड दिखाता है कि वे कितनी नफरत से भरे हैं। सिर्फ राजनीतिक विचारधारा बदलने से कोई देशद्रोही नहीं हो जाता।”
उन्होंने कहा कि बिट्टू ऐसे परिवार से आते हैं जिसने देश के लिए बलिदान दिए हैं और “गद्दार” जैसे शब्द का इस्तेमाल किसी भी लोकतंत्र में स्वीकार्य नहीं हो सकता।
कांग्रेस पर बड़ा आरोप
अपने करीब 1 घंटे 35 मिनट के भाषण में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर विकास रोकने, ‘गरीबी हटाओ’ जैसे नारों से जनता को गुमराह करने और समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस तरह की सोच अंततः कांग्रेस पार्टी को ही नुकसान पहुंचाएगी।
विपक्ष का वॉकआउट
प्रधानमंत्री के भाषण के दौरान विपक्ष ने नारेबाजी की और बाद में राज्यसभा से वॉकआउट कर गया। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब एक दिन पहले लोकसभा विपक्षी हंगामे के कारण स्थगित कर दी गई थी।
