India-PAK Ceasefire: ट्रम्प का नया दावा- भारत-PAK युद्ध में 5 जेट गिरे; जानिए और क्या बोले?

Donald Trump on India-Pakistan ceasefire
X

Donald Trump on India-Pakistan ceasefire

Donald Trump: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने नया दावा ठोक दिया है। ट्रम्प ने कहा-भारत-पाकिस्तान संघर्ष में पांच जेट विमानों को मार गिराया गया।

Donald Trump: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 'भारत-पाकिस्तान युद्ध' को लेकर नया दावा ठोक दिया है। ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में सांसदों के साथ डिनर के दौरान कहा-मुझे लगता है भारत-पाकिस्तान संघर्ष में पांच जेट विमानों को मार गिराया गया। ट्रम्प ने यह स्पष्ट नहीं किया कि ये विमान किस देश के थे। ट्रम्प ने कहा-भारत की ओर से पहलगाम हमले के जवाब में चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद दोनों देशों के बीच हालात बेहद गंभीर हो गए थे, लेकिन उनके दखल से टकराव टल गया।

हमने कई युद्ध रोके
ट्रम्प ने आगे कहा-हमने कई युद्ध रोके। ये कोई मामूली युद्ध नहीं थे। भारत और पाकिस्तान के बीच हालात बहुत गंभीर हो चुके थे। विमान मार गिराए जा रहे थे। मुझे लगता है कि करीब पांच लड़ाकू विमान गिरा दिए गए थे। ये दोनों परमाणु हथियारों से लैस देश हैं। एक-दूसरे पर हमला कर रहे थे। ये जंग बड़ा रूप ले सकती थी।

हमले ट्रेड से सुलझाया
अमेरिका राष्ट्रपति ने कहा-'यह नए तरह का युद्ध था। आपने हाल ही में देखा होगा कि हमने ईरान में क्या किया। हमलों में हमने ईरान की परमाणु हथियार बनाने की क्षमता खत्म कर दी। हमने इसे पूरी तरह से खत्म कर दिया। भारत और पाकिस्तान के बीच 'हालात लगातार बिगड़ते जा रहे थे। हमने इसे ट्रेड के जरिए सुलझाया। हमने कहा- अगर तुम लोग हथियारों का इस्तेमाल करते रहोगे तो हम कोई व्यापार समझौता नहीं करेंगे। भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध हो सकता था क्योंकि दोनों ही परमाणु हथियारों से संपन्न देश हैं।

22 अप्रैल से शुरू हुई थी जंग
जम्मू-कश्मीर में पहलगाम के बैसरन घाटी में 22 अप्रैल को आतंकी हमला हुआ। आतंकियों ने 26 पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। भारत ने हमले के 15 दिन बाद पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया। भारतीय सेना ने मंगलवार (6 मई) की रात 1.30 बजे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया। एयर स्ट्राइक कर 9 आतंकी ठिकानों को तबाह किया। सेना ने 100 आतंकियों को मार गिराया था। दोनों देशों के 10 मई की शाम 5 बजे से सीजफायर पर सहमति बनी थी।

20 से ज्यादा बार कह चुके समझौता कराने की बात
भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सीजफायर के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प लगातार दावा ठोक रहे हैं कि उन्होंने समझौता कराया। ट्रम्प 20 से ज्यादा बार भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर कराने की बात कह चुके हैं। जबकि भारत कई बार ट्रम्प के दावों को खारिज कर चुका है।

10 मई को पहली बार ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर कराने का दावा ठोका था। हाल ही में 14 जुलाई को ट्रम्प ने दावे को दोहराया था। ट्रम्प ने नाटो के महासचिव मार्क रूट के साथ अपनी बैठक के दौरान कहा था कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान संघर्ष को बढ़ने से रोक दिया था। ट्रम्प ने यह भी कहा था कि वे युद्धों को निपटाने में बहुत सफल रहे हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story