तमिलनाडु चुनाव 2026 के लिए एक्टर विजय की पार्टी TVK ने उम्मीदवारों की सूची जारी की। विजय दो सीटों से चुनाव लड़ेंगे। जानें स्टालिन और उदयनिधि के खिलाफ TVK ने किसे उतारा है।

Tamil Nadu Election 2026: दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार और 'तमिलगा वेत्री कड़गम' (TVK) के अध्यक्ष विजय ने राजनीति में अपनी पहली पारी की शुरुआत कर दी है। विजय आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में दो सीटों- पेरम्बूर और त्रिची ईस्ट से चुनाव लड़ेंगे। अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करते हुए उन्होंने जनता से एक मौका देने की अपील की और कहा कि यह चुनाव 'सीटी' (Whistle) की क्रांति लेकर आएगा।

दिग्गजों के खिलाफ TVK के 'योद्धा' तैयार
विजय ने मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और उनके बेटे उदयनिधि स्टालिन को उनके गढ़ में घेरने के लिए खास रणनीति बनाई है। कोलाथुर सीट पर सीएम स्टालिन के खिलाफ TVK ने वीएस बाबू को उतारा है। वहीं, चेपॉक-ट्रिप्लिकेन सीट पर डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन के मुकाबले पूर्व कांग्रेस नेता सेल्वम को टिकट दिया गया है। पार्टी के महासचिव आदव अर्जुना विल्लीवक्कम से चुनाव लड़ेंगे।

DMK पर बोला हमला
उम्मीदवारों के चयन पर विजय ने कहा कि उनके प्रत्याशी कोई बाहुबली या रसूखदार लोग नहीं, बल्कि साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले जनता के रक्षक हैं। उन्होंने DMK पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उनके उम्मीदवारों के पास लूट खसोट या अवैध खनन का अनुभव नहीं है। विजय ने भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल जा चुके नेताओं पर निशाना साधते हुए जनता से सही विकल्प चुनने को कहा।

बेरोजगारी और नशा मुक्ति पर बड़े वादे
अपनी चुनावी प्राथमिकताओं को साझा करते हुए विजय ने एक नशामुक्त तमिलनाडु बनाने का वादा किया। इसके अलावा, उन्होंने 29 साल की उम्र के बाद भी नौकरी न पाने वाले युवाओं को मासिक सहायता देने और सरकारी नौकरियों की भर्ती में पारदर्शिता के लिए कड़ा कानून लाने का आश्वासन दिया है। विजय ने इस चुनाव को सीधे तौर पर अपने गठबंधन और स्टालिन के गठबंधन के बीच का मुकाबला बताया है।

तमिलनाडु का सियासी रण
234 सीटों वाली तमिलनाडु विधानसभा के लिए 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा। इस बार राज्य में चार मुख्य गुट मैदान में हैं:

  • सत्ताधारी DMK गठबंधन।
  • AIADMK और BJP का NDA ब्लॉक।
  • विजय की पार्टी TVK का डेब्यू।
  • PMK और शशिकला का चौथा मोर्चा।