केरल के मलप्पुरम में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस सांसद शशि थरूर के काफिले पर हमला हुआ है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी उमर को गिरफ्तार कर लिया है और 5 लोगों पर केस दर्ज किया है।

Shashi Tharoor Convoy Attack: केरल के मलप्पुरम जिले में शुक्रवार रात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद शशि थरूर के काफिले पर हमले की खबर से हड़कंप मच गया। यह घटना उस समय हुई जब थरूर वंडूर इलाके में एपी अनिल कुमार के समर्थन में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार, चेलिथोड के पास करीब शाम 7 बजे कुछ लोगों ने थरूर के काफिले का पीछा किया और उनकी गाड़ी को रोकने की कोशिश की।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावरों ने न केवल वाहन को रोका, बल्कि सांसद के साथ अभद्रता करने और उन पर हमला करने का प्रयास भी किया।

गनमैन के साथ मारपीट, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
काफिले को रुकते देख जब शशि थरूर के गनमैन ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उपद्रवियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की। इस घटना के तुरंत बाद गनमैन ने वंडूर पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी उमर को गिरफ्तार कर लिया है, जो कलिकावु का निवासी बताया जा रहा है।

इसके साथ ही पुलिस ने दो अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है और हमले में इस्तेमाल की गई दो कारों को जब्त कर लिया है। अब तक कुल पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा चुका है।

साजिश या राजनीतिक रंजिश?
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में यह संदेह जताया जा रहा है कि हमलावर जानबूझकर हंगामा करने और अशांति फैलाने के इरादे से आए थे। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि इस हमले के पीछे कोई गहरी राजनीतिक रंजिश थी या यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा था।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरी पूछताछ और सबूतों के संकलन के बाद ही इस उकसावे के पीछे के असली मकसद का खुलासा हो पाएगा।