Karnataka Crime News: कर्नाटक से एक झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। एक शख्स ने 28 साल की महिला का अपनी पत्नी के सामने यौन शोषण किया। साथ ही उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया। पीड़ित महिला ने आरोपी पर अश्लील तस्वीरों का इस्तेमाल कर ब्लैकमेल करने, इस्लाम धर्म अपनाने के लिए मजबूर करने और यौन शोषण करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी, उसकी पत्नी समेत 7 लोगों के खिलाफ एफआईआर लिखी है। पुलिस की जांच जारी है। 

घर में रहने के लिए किया मजबूर
यह पूरा मामला सौंदत्ती इलाके का है। पुलिस ने कहा कि रफीक और उसकी पत्नी ने 2023 में महिला को बेलगावी स्थित अपने घर में रहने के लिए मजबूर किया। उसे डराया-धमकाया और कहा कि वह जो कहेंगे उसका पालन करना होगा। महिला ने आरोप लगाया कि पिछले साल रफीक ने अपनी पत्नी के सामने उसके साथ बलात्कार किया था। 

बुर्का पहनो, 5 बार पढ़ो नमाज
बेलगावी के एसपी भीमाशंकर गुलेदा ने कहा कि इस साल अप्रैल में दंपति ने कथित तौर पर महिला को 'कुमकुम' नहीं लगाने के लिए कहा और उसे बुर्का पहनने और दिन में पांच बार नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया। महिला ने आरोप लगाया कि उसके खिलाफ जाति आधारित अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया। आरोपी ने उसे पिछड़ी जाति का ताना मारकर इस्लाम धर्म अपनाने के लिए धमकाया था। 

महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि रफीक ने उससे अपने पति को तलाक देने के लिए कहा और धमकी दी कि अगर वह उसकी मांगें नहीं मानेगी तो वह उसकी अंतरंग तस्वीरें लीक कर देगा। उसने कहा कि दंपति ने उसे धर्म परिवर्तन न करने पर जान से मारने की धमकी दी।

महिला की शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ सौंदत्ती में एफआईआर दर्ज की गई है। उन पर कर्नाटक धर्म की स्वतंत्रता के अधिकार संरक्षण अधिनियम, आईटी कानून की प्रासंगिक धाराओं, एससी/एसटी अधिनियम और भारतीय दंड संहिता के तहत आरोप लगाए गए हैं।। जिनमें बलात्कार, अपहरण, गलत कारावास और आपराधिक धमकी शामिल हैं।