Karnataka Minister KN Rajanna Controversial Statement: अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन में महज 5 दिन बचे हैं। इस बीच कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा। कर्नाटक सरकार में मंत्री केएन राजन्ना ने मंगलवार को कहा कि भाजपा लोगों को धोखा दे रही है। जब बाबरी मस्जिद ढहाई गई तो मैं अयोध्या गया था। उस दौरान टेंट में दो गुड़िया रखकर भाजपा उसे राम भगवान कहने लगी। फिलहाल, मंत्री राजन्ना की यह बातें उनकी पार्टी के नेताओं को अच्छी नहीं लग रही है। छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता टीएस सिंह देव ने कहा कि वे राजन्ना की बातों से इत्तेफाक नहीं रखते हैं। 

कांग्रेस नेता टीएस सिंह देव ने कहा कि मैं बता दूं कि प्रभु राम आज अयोध्या में स्थापित नहीं हो रहे हैं। सिर्फ मीडिया कह रहा है कि देश राममय हो रहा है। भगवान राम सदियों से लोगों के दिलों में हैं। मुझे लगता है कि जिस तरह से मंत्री राजन्ना ने बातें बोलीं, ऐसे बयानों की कोई जरूरत नहीं है। 

Watch Video...

राजन्ना बोले- चुनाव के लिए राम मंदिर बनवा रही भाजपा
कर्नाटक के मंत्री केएन राजन्ना ने कहा कि देश में हजारों साल पुराने इतिहास वाले राम मंदिर हैं। लेकिन बीजेपी चुनाव के लिए मंदिर बनवा रही है। बीजेपी लोगों को धोखा दे रही है। जब बाबरी मस्जिद ढहाई गई तो मैं अयोध्या गया था। बाद में उन्होंने दो गुड़ियों को एक तंबू में रखा और उन्हें राम कहा। घर वापस आकर, जब हम राम मंदिर जाते हैं, तो हमें एक विशेष कंपन महसूस होता है। अयोध्या में, मुझे कुछ भी महसूस नहीं हुआ। 

Watch Video...

राहुल गांधी ने भी उठाए सवाल
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर हैं। उन्होंने मंगलवार को कोहिमा में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और भाजपा ने 22 जनवरी के कार्यक्रम को मोदी का फंक्शन बना दिया है। यही कारण है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि वे इस कार्यक्रम में नहीं जाएंगे। 

दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण ठुकरा दिया है। कांग्रेस ने बयान जारी कर कहा था कि तीनों नेता 22 जनवरी को राम मंदिर उद्घाटन समारोह में नहीं जाएंगे। भाजपा और संघ इस आयोजन का इस्तेमाल अपने चुनावी फायदे के लिए कर रही है।