Manmohan Singh passes away: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन, 92 की उम्र में ली आखिरी सांस, पीएम मोदी ने जताया दुख

Manmohan Singh passes away at the age Of 92
X
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की उम्र में निधन।
Manmohan Singh passes away: पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार, 26 दिसंबर को निधन हो गया। उन्होंने 92 वर्ष की उम्र में आखिरी सांस ली।

Manmohan Singh passes away: पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार (26 दिसंबर) को दिल्ली के एम्स में निधन हो गया। वे 92 साल के थे। एम्स अपने हेल्थ बुलेटिन में इसकी जानकारी दी। मनमोहन सिंह के निधन की खबर के साथ ही हर तरफ से उन्हें शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री साधारण पृष्ठभूमि से आए थे और उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए।

पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, ''भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन पर शोक मना रहा है। साधारण पृष्ठभूमि से उठकर वे एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने। उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर अपनी गहरी छाप छोड़ी। संसद में उनके हस्तक्षेप भी बहुत ही व्यावहारिक थे। हमारे प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए।''

सिंह को रात करीब 8 बजे दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया था। वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ मनमोहन सिंह उच्च सदन में 33 साल के लंबे कार्यकाल के बाद अप्रैल में राज्यसभा से रिटायर हुए थे।

दिल्ली एम्स ने जारी किया बयान
पूर्व पीएम के निधन के बाद दिल्ली एम्स ने आधिकारिक बयान जारी किया है। एम्स ने अपने नोट में लिखा कि पूर्व पीएम उम्र से संबंधित बीमारियों के कारण उपचाराधीन थे और 26 दिसंबर 2024 को घर पर अचानक बेहोश हो गए थे। उन्हें रात 8:06 बजे एम्स, नई दिल्ली के मेडिकल इमरजेंसी में लाया गया। तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और रात 9:51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

1932 में हुआ था जन्म
भारत के 13वें प्रधानमंत्री (2004-2014) डॉ. मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को अविभाजित भारत के पंजाब प्रांत के एक छोटे से गांव में हुआ था। एक साधारण परिवार से आने वाले डॉ. सिंह ने अपने ज्ञान और मेहनत से असाधारण ऊंचाइयों को छुआ।

कैम्ब्रिज और ऑक्सफोर्ड से की पढ़ाई
1948 में पंजाब विश्वविद्यालय से मैट्रिक की पढ़ाई पूरी करने के बाद, उन्होंने ब्रिटेन के प्रतिष्ठित कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र में प्रथम श्रेणी से डिग्री प्राप्त की। इसके बाद, 1962 में ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के नूफिल्ड कॉलेज से अर्थशास्त्र में डी.फिल (डॉक्टरेट) की उपाधि हासिल की। उन्होंने भारत को आर्थिक दिशा देने में बड़ी भूमिका निभाई।

डॉ. मनमोहन सिंह का जीवन जितना सार्वजनिक था, उतना ही सादगीपूर्ण उनका निजी जीवन भी रहा। उनकी पत्नी श्रीमती गुरशरण कौर हमेशा उनकी ताकत बनीं। मनमोहन सिंह की तीन बेटियां हैं।

देश की आर्थिक वृद्धि में अहम योगदान
भारत के 13वें प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भारत की आर्थिक वृद्धि और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। 1991 में वित्त मंत्री के रूप में, उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था को उदार बनाने, लाइसेंस पाबंदी को खत्म करने और अर्थव्यवस्था पर राज्य के कंट्रोल को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इससे विदेशी निवेशकों भारत में निवेश करना आसान हुआ और देश की आर्थिक विकास में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story