राष्ट्रीय एकता दिवस: सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर होगा भव्य परेड का आयोजन, दिखेगी बहुआयामी झलक

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर होगा भव्य परेड का आयोजन, दिखेगी बहुआयामी झलक
X
1 से 15 नवंबर तक “भारत पर्व” का आयोजन भी एकता नगर में किया जाएगा। इसमें हर राज्य की सांस्कृतिक झलक, लोक नृत्य, हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजन प्रदर्शित किए जाएंगे।

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती प्रतिवर्ष 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस वर्ष सरदार पटेल की 150वीं जयंती बेहद खास होने जा रही है। राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर गुजरात में नर्मदा जिले के एकता नगर में भव्य परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें महिलाओं की भूमिका होगी। देश के किसी न किसी सुरक्षा बल से जुड़ी महिला अधिकारी हर दस्ते की अगुवाई करती नजर आएंगी।

सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जन्मतिथि पर गुजरात के नर्मदा जिले में इतिहास लिखा जाएगा। दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति के सामने सुरक्षाबल देश की सैन्य ताकत और अपनी क्षमता का प्रदर्शन करते दिखाई देंगे।

महिला अधिकारी बनेंगी परेड की शान

इस बार की परेड पूरी तरह से “नारी शक्ति” को समर्पित होगी। देश के हर सुरक्षा बल BSF, CRPF, CISF, ITBP और SSB की परेड टुकड़ियों की अगुवाई महिला अधिकारियों द्वारा की जाएगी। यह पहली बार होगा जब प्रधानमंत्री को दिए जाने वाले गार्ड ऑफ ऑनर का नेतृत्व भी एक महिला अधिकारी करेंगी।

शौर्य चक्र और वीरता पदक विजेता शामिल

परेड में CRPF के 5 शौर्य चक्र विजेता और BSF के 16 वीरता पदक विजेता भी हिस्सा लेंगे। इन वीरों ने नक्सल और आतंकवाद विरोधी अभियानों में अदम्य साहस दिखाया है। पश्चिमी सीमा पर “ऑपरेशन सिंदूर” के दौरान BSF के जवानों की वीरता भी इस समारोह में प्रदर्शित होगी।

एयर शो और झांकियों से सजेगा आकाश और धरती

समारोह का एक बड़ा आकर्षण होगा भारतीय वायु सेना की “सूर्य किरण” टीम का शानदार एयर शो। इसके साथ ही BSF के भारतीय नस्ल के श्वान दस्ते, गुजरात पुलिस का घुड़सवार दस्ता, असम पुलिस का मोटरसाइकिल शो और BSF का ऊंट बैंड परेड की शोभा बढ़ाएंगे।

साथ ही विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की झांकियां “विविधता में एकता” का संदेश देंगी, जिनमें गुजरात, जम्मू-कश्मीर, अंडमान-निकोबार, मणिपुर, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और पुडुचेरी शामिल हैं।

900 कलाकार दिखाएंगे भारत की संस्कृति की झलक

संस्कृति मंत्रालय के विशेष कार्यक्रम में 900 कलाकार भारतीय शास्त्रीय नृत्य के जरिए देश की संस्कृतिक एकता को दर्शाएंगे। यह कार्यक्रम भारत की समृद्ध परंपरा, विविधता और राष्ट्रीय एकता की सशक्त झलक प्रस्तुत करेगा।

एकता नगर में 15 दिन का सांस्कृतिक उत्सव

1 से 15 नवंबर तक “भारत पर्व” का आयोजन भी एकता नगर में किया जाएगा। इसमें हर राज्य की सांस्कृतिक झलक, लोक नृत्य, हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजन प्रदर्शित किए जाएंगे। 15 नवंबर को पर्व का समापन भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव कार्यक्रम से होगा।

स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के सामने होगी परेड- अमित शाह

वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर उन्हें याद किया। उन्होंने ऐलान किया कि सरदार पटेल की जयंती पर अब हर साल परेड का आयोजन किया जाएगा। यह परेड 26 जनवरी की तर्ज पर हर साल 31 अक्टूबर को निकाली जाएगी। इस परेड में अर्धसैनिक बल हिस्सा लेंगे।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story