Weather Report: असम, सिक्किम सहित पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़-लैंडस्लाइड से 45 से ज्यादा की मौत, आपके प्रदेश में कैसा है मौसम? जानिए...

Weather Report: भारत (India) में आज का मौसम (गुरुवार, 5 जून) को कैसा रहेगा। असम, अरुणाचल, मेघालय, मिजोरम सिक्किम, त्रिपुरा सहित पूर्वोत्तर राज्यों में कुदरत के कहर से हाहाकार मची है। भारी बारिश हो रही है। बाढ़ और लैंडस्लाइड से 11 दिन में 45 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। असम में सबसे ज्यादा 19 लोगों की जान गई है। 21 जिलों में 6.8 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। अरुणाचल 12, मेघालय और मिजोरम में 6-6, सिक्किम 3, त्रिपुरा 2 और नगालैंड में एक व्यक्ति की मौत हुई है। मौसम विभाग ने गुरुवार को MP, यूपी सहित 25 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इन राज्यों में ऐसा रहेगा मौसम
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार (5 जून) को मध्य प्रदेश, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, चंडीगढ़, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, राजस्थान, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। ओडिशा और राजस्थान के कुछ जिलों में गर्मी रहेगी। हीटवेव चलने की संभावना है।
6.79 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित
असम से लेकर मणिपुर तक बाढ़, भूस्खलन से हाहाकार मचा हुआ है। फसल बर्बाद हो गई। लोगों के पास रहने के लिए घर तक नहीं है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की रिपोर्ट के मुताबिक, 21 जिलों में बाढ़ और बारिश से 6.79 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। 1,494 गांवों में 14,977 हेक्टेयर से ज्यादा फसल भूमि बाढ़ से प्रभावित हुई है। असम के श्रीभूमि में सबसे ज्यादा 2,59,601 लोग प्रभावित है।
इन राज्यों में पहुंचा मॉनसून
भारत में मॉनसून (Monsoon) की एंट्री 24 मई को हुई। सबसे पहले मॉनसून ने केरल में दस्तक दी। अब तक कर्नाटक, तमिलनाडु, गोवा, महाराष्ट्र, मिजोरम, मणिपुर, नगालैंड, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, असम, मेघालय, ओडिशा, छत्तीसगढ़, सिक्किम इाक्र पश्चिम बंगाल में पहुंच गया है। अनुमान है कि मॉनसून 10 जून तक मध्य प्रदेश पहुंचेगा।
एमपी के इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मध्यप्रदेश में आंधी-बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने गुरुवार को ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, अशोकनगर, विदिशा, सागर, कटनी, उमरिया, डिंडोरी, मंडला, सिवनी, पांढुर्णा, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, रतलाम, मंदसौर और नीमच में आंधी-बारिश का अलर्ट है।
यूपी के इन जिलों में बारिश का अलर्ट
यूपी के बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, रविदास नगर, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, आगरा, हमीरपुर, महोबा, झांसी सहित 42 जिलों में बारिश के साथ तेज हवा चलने का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक, 5 जून के बाद पूरे प्रदेश में हवा का रुख पूर्वा से पछुआ होने के आसार हैं। यूपी में अधिकतम तापमान में 5 से 6 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
दिल्ली में शुरू होगा गर्मी का सितम
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को बादलों का आवाजाही देखने को मिलेगी। हल्की बारिश होने की भी संभावना है, लेकिन इसके बाद लोगों को तेज धूप और उमस का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 5 जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35-37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा।
हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम?
हरियाणा में भी मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा में अगले कुछ दिनों तक बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। हरियाणा में इस हफ्ते मौसम सामान्य रहेगा। बीते बुधवार को हरियाणा में सबसे ज्यादा तापमान रोहतक जिले में 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
