Weather Update Today 4 September: पंजाब-हरियाणा में बाढ़ से तबाही, 48 की मौत; दिल्ली-हिमाचल में हालात बिगड़े

Weather Update Today 4 September
Weather Update Today 4 September: पंजाब-हरियाणा से लेकर दिल्ली और हिमाचल प्रदेश तक आफत की बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। पंजाब में अब तक 37 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि हरियाणा में 11 लोगों की जान जा चुकी है। दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और कई इलाके पानी में डूब गए हैं। मौसम विभाग ने अगले 3-4 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं। आइए देशभर के मौसम का हाल जानते हैं।
पंजाब में स्थिति भयावह
पंजाब में इस समय हालात बेहद गंभीर हैं। राज्य के सभी 23 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। राज्य के 1,655 गांवों में पानी भर गया है, जबकि अब तक 37 लोगों ने अपनी जिंदगी खो दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 3.55 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। पठानकोट में 3 लोग लापता बताए जा रहे हैं।
राज्य सरकार ने राहत-बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। वहीं, सभी स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी 7 सितंबर तक बंद कर दिए गए हैं।
हरियाणा में जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त
हरियाणा में लगातार बारिश और दिल्ली से छोड़े गए पानी ने संकट और बढ़ा दिया है। राज्य में अब तक 11 लोगों की मौत हुई है। स्थिति बिगड़ते देख प्रशासन ने हिसार, पंचकूला, अंबाला और रोहतक में सभी स्कूल बंद करने के आदेश दिए हैं। अंबाला शहर में थोक बाजार, कोर्ट रोड, मॉडल टाउन और कई सरकारी दफ्तरों तक पानी भर गया है। फरीदाबाद में यमुना नदी खतरे के निशान तक पहुंच चुकी है।
दिल्ली में यमुना का पानी सड़क पर
राजधानी दिल्ली में यमुना नदी उफान पर है। गुरुवार सुबह मोनास्ट्री मार्केट और मयूर विहार फेज-1 में सड़कों पर एक फीट तक पानी भर गया। अलीपुर इलाके में नेशनल हाईवे-44 का फ्लाईओवर धंस गया। राहत शिविरों में भी पानी घुसने से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले 2 दिन हालात और बिगड़ सकते हैं।
हिमाचल के कुल्लू में भूस्खलन
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में गुरुवार सुबह बड़ा भूस्खलन हुआ, जिसमें दो घर ढह गए। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह लोग मलबे में फंस गए हैं। बुधवार को भी कुल्लू में लैंडस्लाइड हुआ था, जिसमें मलबे में दबे NDRF जवान को 24 घंटे बाद जिंदा निकाला गया।
कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, 4 और 5 सितंबर को दिल्ली-एनसीआर, यूपी, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और हिमाचल में गरज-चमक के साथ भारी बारिश के आसार हैं। 6 और 7 सितंबर को भी तेज बारिश हो सकती है। 8 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहेंगे।
राजस्थान में भी अलर्ट जारी
राजस्थान के बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ जिलों में अतिभारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अलवर, बारां, बूंदी और भरतपुर सहित कई जिलों में येलो अलर्ट है। मौसम केंद्र जयपुर ने अनुमान लगाया है कि जोधपुर और बीकानेर में भी 7 सितंबर तक बारिश तेज हो सकती है।
प्रशासन की लोगों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बाढ़ग्रस्त इलाकों से दूर रहें, घर से बेवजह बाहर न निकलें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। राहत और बचाव कार्य तेज़ी से चल रहे हैं, लेकिन मौसम का अगला दौर और मुश्किलें खड़ी कर सकता है।
आज के बड़े शहरों का तापमान (Today temperature)
- दिल्ली: 33°C / 24°C
- मुंबई: 29°C / 25°C
- कोलकाता: 30°C / 27°C
- चेन्नई: 34°C / 28°C
- लखनऊ: 32°C / 26°C
- जयपुर: 29°C / 26°C
- भोपाल: 28°C / 23°C
