Hong Kong to Delhi: एअर इंडिया विमान पर फिर आई मुसीबत, उड़ते ही तकनीकी खराबी, हांगकांग में इमरजेंसी लैंडिंग

Hong Kong to Delhi: 'एयर इंडिया' के एक और विमान पर मुसीबत आ गई। फ्लाइट-AI315 ने सोमवार (16 जून) को हॉन्गकॉन्ग से दिल्ली की उड़ान भरी। उड़ते ही बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान में तकनीति खराबी आ गई। पायलट ने सक्रियता दिखाई। सूझबूझ के साथ तुरंत तकनीकी खराबी की सूचना दी। फिर विमान की हांगकांग में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सभी यात्री सुरक्षित हैं। तकनीकी टीमें विमान की जांच कर रही हैं ताकि समस्या का कारण पता चल सके।
चालक दल और यात्री सुरक्षित
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट AI315 बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर ने सोमवार सुबह हांगकांग से दिल्ली के लिए उड़ान भरी। उड़ान भरने की बाद फ्लाइट में तकनीकी समस्या हो गई। पायलट ने तुरंत मूल स्थान पर लौटने का फैसला किया। विमान सुरक्षित रूप से हांगकांग हवाई अड्डे पर उतर गया है। सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को प्लेन से सुरक्षित बाहर निकाला गया। अभी एअर इंडिया ने तकनीकी समस्या की प्रकृति या उड़ान के फिर से शुरू करने के बारे में अभी तक कोई सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया है।
लगातार आ रही मुसीबत
बता दें कि एअर इंडिया फ्लाइट में लगातार मुसीबत आ रही है। रविवार को भारत आ रहे बोइंग के दो ड्रीमलाइनर प्लेन भी बीच रास्ते से लौट गए थे। इनमें से एक फ्लाइट लंदन से चेन्नई और दूसरी जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद आ रही थी। दोनों की सोमवार को लैंडिंग होनी थी।
बम की सूचना पर इमरजेंसी लैंडिंग
शुक्रवार को भी बम की सूचना पर एयर इंडिया विमान की फुकेट एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। शुक्रवार (13 जून) को सुबह 9.30 बजे फ्लाइट AI-379 ने थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। 25 मिनट बाद प्लेन में बम की सूचना से हड़कंप मच गया। विमान में सवार 156 यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। तुरंत अंडमान सागर में विमान पलटी मारी और फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एअर इंडिया की फ्लाइट AI-379 की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी।
लखनऊ: एयरलाइंस फ्लाइट से निकली चिंगारी
लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर रविवार सुबह सऊदी अरबिया एयरलाइंस की फ्लाइट SV-3112 की लैंडिंग के दौरान पहिए से चिनगारी और धुआं निकलने लगा। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को इसकी सूचना दी। इस दौरान विमान में हजयात्री बैठे हुए थे। पायलट ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए विमान को रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
अहमदाबाद में विमान क्रैश, 275 की मौत
गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार(12 जून) को बड़ा हादसा हुआ। एअर इंडिया का विमान क्रैश हुआ था। विमान बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल पर गिरा। हादसे में 241 पैसेंजर्स सहित 275 लोगों की मौत हुई। विमान में 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात थे। बाकी 12 क्रू मेंबर्स थे। मृतकों में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी शामिल हैं। सिर्फ एक यात्री की जान बची है।