तिरुपति बालाजी मंदिर: गूगल के VP थोटा चंद्रशेखर का महादन, तिरुपति देवस्थानम के SV Pranadana ट्रस्ट को दिए 1 करोड़, गरीबों को मिलेगी मदद

गूगल VP थोटा चंद्रशेखर नेतिरुपति देवस्थानम के SV Pranadana ट्रस्ट को 1 करोड़ का दान दिया।
Tirupati Balaji Temple Donation: गूगल के वाइस प्रेसिडेंट थोटा चंद्रशेखर ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के अंतर्गत संचालित एसवी प्रणदान ट्रस्ट (SV Pranadana Trust) को 1 करोड़ रुपए का दान दिया है। गुरुवार (26 जून 2025) को उन्होंने TTD अध्यक्ष बीआर नायडू को चेक के जरिए दान की यह राशि सौंपी। यह जानकारी टीटीडी की ओर से जारी आधिकारिक बयान में दी गई है।
समाज सेवा की प्रेरणादायक मिसाल
SV प्रणदान ट्रस्ट समाज सेवा के कार्य में सक्रिय है। उसके द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के गंभीर रोगियों को नि:शुल्क और रियायती दरों पर इलाज उपलब्ध कराया जाता है। TTD अधिकारियों ने इस योगदान के लिए थोटा चंद्रशेखर की सराहना की। साथ ही कहा कि यह न सिर्फ श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि समाज के प्रति ज़िम्मेदारी की भावना भी दर्शाता है।
विश्व का सबसे समृद्ध मंदिर
तिरुपति स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर दुनिया के सबसे अमीर और प्रतिष्ठित हिंदू मंदिरों में गिना जाता है। श्रद्धालुओं के बीच यह बालाजी मंदिर के रूप में भी विख्यात है। तिरुपति मंदिर में हर साल देश दुनिया से करोड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
अन्य श्रद्धालुओं को मिलेगी प्रेरणा
TTD ने कहा कि थोटा चंद्रशेखर जैसे लोगों का योगदान दूसरों को भी दान देने और सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने की प्रेरणा देता है। उनका यह कदम बताता है कि टेक्नोलॉजी लीडर्स भी समाजसेवा में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनके इस कार्य से TTD ट्रस्ट को मजबूती, और देशवासियों को प्रेरणा मिलेगी।
