गोवा नाइट क्लब अग्निकांड: इंडिगो फ्लाइट से आरोपी लूथरा ब्रदर्स देश से फरार, इंटरपोल की मदद मांगी गई

इंडिगो फ्लाइट से आरोपी लूथरा ब्रदर्स देश से फरार, इंटरपोल की मदद मांगी गई
X

इमिग्रेशन रिकॉर्ड में भी दोनों का सुबह 5:30 बजे फुकेट के लिए रवाना हुए है।

गोवा नाइट क्लब अग्निकांड में बड़ा खुलासा—मुख्य आरोपी गौरव और सौरभ लूथरा घटना के बाद इंडिगो फ्लाइट से फुकेट भागे। गोवा पुलिस ने इंटरपोल से मदद मांगी। एक आरोपी गिरफ्तार।

पणजी: गोवा के नाइट क्लब अग्निकांड मामले में बड़ा खुलासा सामने आया है। पुलिस जांच में पता चला है कि इस भीषण हादसे में मुख्य आरोपी बनाए गए गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा घटना के तुरंत बाद भारत से फरार हो गए।

आधी रात को आग लगने की जानकारी मिलते ही दोनों भाई दिल्ली से निकलकर मुंबई पहुंचे और 7 दिसंबर की सुबह करीब 5:30 बजे इंडिगो की फ्लाइट 6E 1073 से फुकेट के लिए उड़ान भर दी।

एफआईआर दर्ज होने के बाद जब गोवा पुलिस दोनों को हिरासत में लेने दिल्ली पहुंची, तब तक वे घर छोड़ चुके थे। पुलिस द्वारा छापेमारी भी की गई, लेकिन आरोपी नहीं मिले। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत नोटिस उनके घर पर चिपका दिया गया।

7 दिसंबर की शाम तक गोवा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया था। जब पुलिस ने मुंबई इमिग्रेशन विभाग से संपर्क किया, तो पता चला कि आरोपी घटना के कुछ घंटे बाद ही देश छोड़ चुके थे। इमिग्रेशन रिकॉर्ड में भी दोनों का सुबह 5:30 बजे फुकेट के लिए रवाना होना दर्ज है।

फिलहाल गोवा पुलिस ने फरार चल रहे लूथरा ब्रदर्स का लोकेशन पता लगाने तथा गिरफ्तारी के लिए सीबीआई के इंटरपोल डिवीजन से औपचारिक सहायता मांगी है। इंटरनेशनल नोटिस के जरिए फुकेट में उनके मूवमेंट को ट्रैक किया जा रहा है।

इसी बीच इस केस से जुड़े आरोपी भारत कोहली को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे ट्रांजिट रिमांड पर गोवा लाया गया है, जहां उससे विस्तृत पूछताछ जारी है।

अग्निकांड में मारे गए सभी लोगों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं। गोवा पुलिस ने कहा है कि फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सभी कानूनी प्रक्रियाएं तेज कर दी गई हैं, ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया जा सके।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story