असम कांग्रेस में बड़ा बदलाव: गौरव गोगोई APCC चीफ, 3 नेता बने कार्यकारी अध्यक्ष; विधानसभा चुनाव में दिखाए पाएंगे दम?

Gaurav Gogoi APCC Chief
Gaurav Gogoi APCC Chief : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने असम विधानसभा चुनाव-2026 की तैयारी शुरू कर दी है। गौरव गोगोई को असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (APCC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्होंने भूपेन कुमार बोरा की जगह ली। भूपेन बोरा प्रचार समिति के अध्यक्ष बनाए गए हैं।
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने असम कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता विपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के प्रति आभार जताया। कहा, हमारे कई सीनियर साथियों को नई जिम्मेदारी मिली है। हम सब साथ मिलकर काम करेंगे। मुझे पूरा विश्वास है कि असम की जनता आगामी चुनाव में हमें आशीर्वाद देगी और हम सब मिलकर नए असम का संकल्प लेंगे।
गौरव गोगोई युवा और अनुभवी नेता
गौरव गोगोई पूर्व सीएम तरुण गोगोई के बेटे और लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता हैं। 2014 से 2024 तक उन्होंने कालीबोर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है। जबकि, 2024 में वह जोरहाट संसदीय सीट से निर्वाचित हुए हैं।
चुनावी रणनीति और संगठनात्मक बदलाव
कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव से पहले संगठन मजबूत करने पर जोर दे रही हे। सोमवार को गौरव गोगोई के अलावा तीन नए कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त किए हैं। पार्टी ने जाकिर हुसैन सिकदर, रोज़ेलिना तिर्की और प्रदीप सरकार को कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व मंत्री रिपुन बोरा को चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
राजनीतिक संकेत और नेतृत्व की दिशा
कांग्रेस ने गौरव गोगोई को अध्यक्ष नियुक्ति कर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को स्पष्ट संदेश दिया है। सरमा और गोगोई के बीच पिछले कुछ समय से तीखी बयानबाज़ी चल रही है। सीएम सरमा ने गोगोई पर पाकिस्तान से जुड़े होने के गंभीर आरोप लगाए हैं। गोगोई ने उनके इन आरोपों को निराधार बताया है।
वेणुगोपाल बोले-गौरव को नेता मानते हैं असम के लोग
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, असम के सीएम जो चाहें कहें, लेकिन लोग गौरव गोगोई को अपना नेता मानते हैं। लोकसभा चुनाव में हिमंत बिस्वा सरमा ने उन्हें हराने के लिए पूरे संसाधन लगा दिए। परिसीमन की प्रक्रिया अपनाई। फिर भी लोगों ने भारी बहुमत से जिताया। गौरव गोगोई के साथ पीसीसी का सामूहिक नेतृत्व असम के लिए खुद को सामने लाने जा रहा है।
