DRDO Chairman: डॉ. समीर वी. कामत ही बने रहेंगे DRDO के अध्यक्ष, मोदी सरकार ने बढ़ाया कार्यकाल; जानें उपलब्धियां

DRDO chief Dr. Sameer V. Kamat tenure extended
DRDO Chairman Dr. Sameer V. Kamat : केंद्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने डॉ. समीर वी. कामत के सेवा कार्यकाल एक वर्ष के लिए बढ़ाने की मंजूरी दी है। डॉ. कामत 31 मई 2026 तक रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग (डीडीआरएंडडी) के सचिव और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे। सरकार ने रक्षा अनुसंधान और तकनीकी क्षेत्र में उनके अनुभव और योगदान को देखते हुए कार्यकाल बढ़ाने का निर्णय लिया है।
कौन हैं डॉ. समीर वी. कामत?
डॉ. कामत का पूरा नाम डॉ. समीर वेंकटपति कामत है। वह भारत के प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों में शामिल हैं। 26 अगस्त 2022 को उन्होंने जो रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग (डीडीआरएंडडी) के सचिव और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के अध्यक्ष पद का दायित्व संभाला था।
डॉ. समीर वी. कामत की शैक्षिणक योग्यता
डॉ. कामत ने 1985 में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) खड़गपुर से धातुकर्म अभियांत्रिकी में बीटेक (ऑनर्स) और 1988 में अमेरिका की ओहायो स्टेट यूनिवर्सिटी से सामग्री विज्ञान और अभियांत्रिकी में पीएचडी की उपाधि ली है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके 180 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं।
डॉ. समीर वी. कामत की पेशेवर दक्षता
डॉ. कामत ने 1989 में डीआरडीओ के रक्षा धातुकर्म अनुसंधान प्रयोगशाला (DMRL) में वैज्ञानिक के रूप में अपने करियर की शुरुआत की। 2015 में DMRL के निदेशक और 2017 में नौसेना प्रणालियों और सामग्री के महानिदेशक के रूप में कार्य किया।
प्रमुख योगदान: डॉ. कामत ने रक्षा सामग्री और नौसेना प्रणालियों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नौसेना जहाजों में उच्च शक्ति वाले स्टील्स, एयरो इंजन में उच्च तापमान टाइटेनियम मिश्र धातुएं और निकेल आधारित सुपरएलॉय, गतिज ऊर्जा प्रक्षेपकों के लिए टंगस्टन भारी मिश्र धातु, मिसाइल सीकर्स में फ्यूज्ड सिलिका रैडोम्स, सैनिकों और लड़ाकू वाहनों में कवच समाधान का इस्तेमाल शुरू किया। डॉ. कामत ने नौसेना प्रणालियां जैसे उन्नत हल्के टॉरपीडो, एंटी-टॉरपीडो डिकॉय सिस्टम, स्वायत्त पानी के नीचे वाहन, जहाजों के लिए उन्नत सोनार और पनडुब्बियों के लिए ईंधन सेल आधारित एयर इंडिपेंडेंट प्रोपल्शन सिस्टम का ईजाद किया।
डॉ. समीर वी. कामत को मिले सम्मान और पुरस्कार
- Distinguished Alumni Award: IIT खड़गपुर से।
- Metallurgist of the Year Award: भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय से।
- Scientist of the Year Award: डीआरडीओ से।
- भारतीय राष्ट्रीय अभियांत्रिकी अकादमी (INAE) और इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स इंडिया (IEI)।
