IMD Weather Update: दार्जिलिंग में कई जगह भूस्खलन, 13 की मौत, दुधिया लौह पुल ढहा; रेड अलर्ट जारी

दार्जिलिंग में भूस्खलन।
पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में मिरिक क्षेत्र में लगातार भारी बारिश के कारण 7 जगह लैंडस्लाइड हो गई। इस भूस्खलन में 13 लोगों की मौत हो गई है। हादसे में मिरिक और कुर्सियांग को जोड़ने वाला दुधिया लौह पुल भी ढह गया, जिससे प्रमुख पर्यटन स्थलों और गांवों का संपर्क टूट गया है।
भूस्खलन से यातायात बाधित, शहरों का संपर्क टूटा
भारी बारिश से पूरे जिले में कई जगहों पर भूस्खलन हुए हैं। कुर्सियांग के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 110 पर हुसैन खोला इलाके में सड़कें कीचड़ और मलबे में दब गई हैं। कई गांवों से राजमार्ग तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सड़कों पर फैला मलबा और टूटे पुल के दृश्य स्थिति की गंभीरता को दर्शा रहे हैं।
दुदिया लौह पुल ढहने से राहत कार्य प्रभावित
दुदिया पुल के टूटने से प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है, जिससे राहत और बचाव कार्य में बाधा आ रही है। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें मलबा हटाने और संपर्क बहाल करने में जुटी हैं।
IMD की चेतावनी: रविवार सुबह तक भारी बारिश की संभावना
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों में रविवार सुबह तक रेड अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार, पश्चिमी झारखंड, दक्षिण बिहार और उत्तर छत्तीसगढ़ में बना निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है, जो शनिवार शाम तक कमजोर हो सकता है।
दक्षिण बंगाल में भी भारी बारिश का अनुमान
IMD के बुलेटिन के अनुसार, दक्षिण बंगाल के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि मुर्शिदाबाद, बीरभूम और नादिया में भारी बारिश की संभावना है। शनिवार सुबह 8:30 बजे तक बांकुरा जिले में 65.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। प्रशासन ने नागरिकों और पर्यटकों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
राहत कार्य जारी, प्रशासन सतर्क
स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग भूस्खलन से प्रभावित सड़कों को साफ करने और संपर्क बहाल करने में लगे हुए हैं। मौसम की मौजूदा स्थिति राहत कार्यों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।
इन 7 जगहों पर हुई लैंडस्लाइड
मिरिक (दुधिया का लोहे का पुल)
मिरिक और दुधिया के बीच लोहे की पुल टूटने से 9 लोगों की मौत।
मिरिक (सुखिया इलाका)
सुखिया क्षेत्र में चार लोगों की मौत हुई। कई घर क्षतिग्रस्त हुए हैं।
दारा गांव (मिरिक के पास)
एक घर पर मिट्टी का पहाड़ गिर पड़ा। जानमाल का भी नुकसान।
दिलाराम
दिलाराम सड़क धंस गई। यातायात पूरी तरह से बंद।
रोहिणी रोड
रोड का हिस्सा टूटकर नदी में समा गया। रास्ता बंद।
बिजनबाड़ी और पुलबाजार इलाका
बिजनबाड़ी और पुलबाजार में लैंडस्लाइड। गाड़ियां मलबे में दबीं।
व्हिट्सल खोला
व्हिट्सल खोला क्षेत्र में भी लैंडस्लाइड। नेशनल हाईवे-110 बंद।
