IMD Weather Alert: 19 जिलों में विजिबिलिटी 10 मीटर से कम, पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानों में बढ़ी गलन

19 जिलों में विजिबिलिटी 10 मीटर से कम, पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानों में बढ़ी गलन
X

यूपी और बिहार के मैदानी इलाकों में बर्फीली हवाओं ने गलन बढ़ा दी है।

पहाड़ों पर भारी बर्फबारी से मनाली में पारा -14°C और सियाचिन में -24°C तक लुढ़क गया है, जबकि दिल्ली-NCR में तापमान 5°C दर्ज हुआ।

नई दिल्ली : उत्तर भारत के विशाल हिस्से में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन की रफ्तार थाम दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार और पंजाब समेत 19 जिलों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है, जहा दृश्यता घटकर शून्य से 10 मीटर तक रह गई है।

हिमालयी क्षेत्रों में हो रही भारी बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे आने वाले 48 घंटों में तापमान में और भारी गिरावट की संभावना जताई गई है।

कोहरे का कहर और यातायात पर ब्रेक

दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में शनिवार सुबह 'अंधेरे' जैसी स्थिति बनी रही। कोहरे की घनी चादर के कारण दिल्ली और नोएडा में विजिबिलिटी 20 मीटर से नीचे दर्ज की गई, जबकि यूपी के कुछ जिलों में यह मात्र 10 मीटर रह गई।

इस धुंध के कारण लंबी दूरी की ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे देरी से चल रही हैं और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही जोखिम भरी हो गई है। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को बेहद सावधानी बरतने की सलाह दी है।

माइनस 24 डिग्री तक लुढ़का पारा

पहाड़ी राज्यों में कुदरत का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। सियाचिन ग्लेशियर में न्यूनतम तापमान -24 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जबकि लेह में यह -15 डिग्री और मनाली में -14 डिग्री दर्ज किया गया है।

श्रीनगर और केदारनाथ में लगातार हो रही बर्फबारी ने पूरे उत्तर भारत को 'कोल्ड चैंबर' में तब्दील कर दिया है। मैदानी इलाकों में भी दिल्ली और नोएडा जैसे शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के आसपास बना हुआ है।

उत्तर प्रदेश और बिहार में शीतलहर का अलर्ट

यूपी और बिहार के मैदानी इलाकों में बर्फीली हवाओं ने गलन बढ़ा दी है। लखनऊ में महज 24 घंटों के भीतर तापमान में 5.5 डिग्री की बड़ी गिरावट देखी गई है, जिसके चलते प्रशासन ने एहतियातन स्कूलों में छुट्टियों का एलान कर दिया है।

कानपुर, प्रयागराज और पटना जैसे शहरों में भी 'कोल्ड डे' की स्थिति बनी हुई है, जहा दिन का अधिकतम तापमान भी सामान्य से काफी नीचे रह सकता है।

दक्षिण भारत में बारिश और बिजली की चेतावनी

जहा उत्तर भारत भीषण ठंड और कोहरे से जूझ रहा है, वहीं दक्षिण भारतीय राज्यों में मौसम का दूसरा रूप देखने को मिल रहा है। श्रीलंका के तट के पास बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण तमिलनाडु और केरल में बारिश का दौर जारी है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में तमिलनाडु के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।

प्रदूषण से मामूली राहत और आगामी पूर्वानुमान

तेज बर्फीली हवाओं के चलने से दिल्ली-NCR के वायु गुणवत्ता सूचकांक में मामूली सुधार देखा गया है, जो अब 200 के करीब पहुंच गया है। हालांकि, ठंड से राहत मिलने के आसार फिलहाल नहीं हैं।

IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, 6 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली में भीषण शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की और गिरावट दर्ज की जा सकती है।


WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story