मौसम: गुलमर्ग-सोनमर्ग में भारी बर्फबारी, मैदानी राज्यों में कोहरा-शीतलहर का कहर; जानिए अगले 3 दिन का अलर्ट

कश्मीर घाटी में चिल्लई कलां के साथ बर्फबारी तेज, गुलमर्ग-सोनमर्ग में 1 फीट बर्फ। यूपी, दिल्ली समेत मैदानी राज्यों में कोहरा और ठंड का असर।
कश्मीर घाटी में कड़ाके की सर्दी के 40 दिनों के सबसे कठिन दौर चिल्लई कलां की शुरुआत रविवार से हो चुकी है। इसके साथ ही पूरी घाटी में बर्फ और ठंड का असर तेज हो गया है। पहले ही दिन गुलमर्ग और सोनमर्ग में करीब एक फीट तक बर्फबारी रिकॉर्ड की गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे तक रुक-रुक कर बर्फबारी और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे ठंड और बढ़ने की आशंका है।
बंद हुए संपर्क मार्ग, हवाई सेवाएं भी प्रभावित
लगातार हो रही बर्फबारी के चलते कश्मीर को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाले प्रमुख रास्तों पर असर पड़ा है। मुगल रोड और सिंथन टॉप रोड को भारी बर्फ जमने के कारण अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इसका सीधा असर आवाजाही और सप्लाई चेन पर पड़ रहा है। वहीं खराब मौसम के कारण श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।



पहाड़ों की ठंड मैदानी इलाकों तक पहुंची
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हुई बर्फबारी के बाद बर्फीली हवाएं मैदानी राज्यों की ओर बढ़ गई हैं। इसका असर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में साफ देखा जा रहा है। इन राज्यों में न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है और रातें ज्यादा सर्द हो गई हैं। ठंड के साथ-साथ कोहरे की समस्या भी गंभीर होती जा रही है, जिससे सामान्य जनजीवन और यातायात दोनों प्रभावित हैं।
#WATCH | Rajasthan | As cold weather intensifies in the state, a thick layer of fog engulfs Jaisalmer. pic.twitter.com/dMKF6AYamX
— ANI MP/CG/Rajasthan (@ANI_MP_CG_RJ) December 22, 2025
कोहरे की चपेट में कई जिले, जनहानि की खबरें
ठंड और कोहरे का असर सबसे ज्यादा उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में देखने को मिल रहा है। मध्य प्रदेश के 16 जिले, उत्तर प्रदेश के 40 जिले, राजस्थान के 10 जिले, बिहार के 24 जिले, हरियाणा के 12 जिले और उत्तराखंड के 6 जिले घने कोहरे की चपेट में हैं। विजिबिलिटी बेहद कम होने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो रहा है। यूपी और झारखंड से सर्दी के कारण अब तक चार लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जिससे हालात की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
#WATCH | Lahaul and Spiti, Himachal Pradesh: Fresh snowfall covered the mountains in Lahaul and Spiti, attracting tourists from all over the country. pic.twitter.com/cc9Ms8evQi
— ANI (@ANI) December 22, 2025
हिमाचल में बर्फ से तापमान लुढ़का, सैलानी खुश
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति और मनाली की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी के बाद तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। शिंकुला, जांस्कर घाटी और रोहतांग दर्रे पर चारों ओर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। बर्फबारी के इस नजारे को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक इन इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं, हालांकि प्रशासन ने सावधानी बरतने की अपील की है।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम?
23 दिसंबर का मौसम: 23 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में ठंडी हवाओं के साथ शीतलहर का प्रभाव बना रह सकता है। कम विजिबिलिटी के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात पर असर पड़ने की आशंका जताई गई है। झारखंड में भी घना कोहरा और कड़ाके की ठंड रहने का पूर्वानुमान है।
24 दिसंबर: 24 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और झारखंड में घना कोहरा बने रहने की संभावना है। वहीं जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कोल्ड वेव और तेज सर्दी का असर जारी रह सकता है। मैदानी इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम हो सकती है, जिससे सुबह और रात के समय विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत होगी।
25 दिसंबर: 25 दिसंबर को भी ठंड और कोहरे से राहत मिलने के आसार कम हैं। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में सुबह और रात के समय बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में भी कोहरे और सर्द हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के उपाय करने की सलाह दी है।
