Bihar chunav 2025: भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति आज तय करेगी उम्मीदवार, NDA में सीट बंटवारे पर भी होगी चर्चा

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्रीय चुनाव समिति रविवार शाम साढे छह बजे पार्टी मुख्यालय में महत्वपूर्ण बैठक करेगी। इस बैठक में वरिष्ठ नेता चुनावी रणनीति पर विचार विमर्श करेंगे और राज्य की सभी प्रमुख सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची तैयार करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, बैठक के बाद भाजपा उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी कर सकती है। बिहार में भाजपा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के तहत चुनाव लड रही है, जिसमें नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड (जदयू), चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) शामिल हैं।
हालांकि, एनडीए के बीच सीट बंटवारे की आधिकारिक घोषणा अभी तक नहीं हुई है। शनिवार को दिल्ली में बैठकों का दौर चला, जिसमें सीट बंटवारे पर सहमति बनने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि भाजपा और जदयू मिलकर लगभग 200 से 203 सीटों पर चुनाव लड सकते हैं, जबकि शेष 40 से 42 सीटें तीन छोटे सहयोगियों के बीच बांटी जाएंगी। चिराग पासवान की पार्टी को 26 सीटें, जीतन राम मांझी की पार्टी को आठ और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी को छह सीटें मिलने की संभावना है।
इस बीच, उपेंद्र कुशवाहा ने एनडीए के सहयोगियों के बीच सीट बंटवारे को लेकर असंतोष की खबरों को खारिज किया और कहा कि इस पर अभी चर्चा चल रही है। बिहार विधानसभा चुनाव 6 नवंबर और 11 नवंबर को दो चरणों में होंगे, और नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
